मुनव्वर फारूकी ने किया अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर बड़ा खुलासा! शादी के बाद हुआ था मेहजबीं से प्यार
Munawar Faruqui: बिग बॉस 2023 ने मुनव्वर फारूकी को रातोंरात स्टार बना दिया। जहां एक ओर उनकी फैन फॉलोइंग तेजी से बढ़ रही थी, वहीं उनकी निजी जिंदगी को लेकर चर्चाएं भी जोरों पर थीं। लेकिन इसी बीच मुनव्वर ने एक ऐसा फैसला लिया जिसने सबको हैरान कर दिया। उन्होंने शो खत्म होने के कुछ ही महीनों बाद, 2024 में मेहजबीं अब्दुल रहमान से शादी कर ली।
अब, एक खास इंटरव्यू में मुनव्वर ने अपनी शादी, नई जिम्मेदारियों और परिवार के साथ बदली हुई जिंदगी पर खुलकर बातचीत की है। उन्होंने बताया कि कैसे उन्हें असीमित शोहरत के बीच भी बस एक इंसान के प्यार और एक सुकूनभरे परिवार की तलाश थी। इन दिनों मुनव्वर सोनाली बेंद्रे के साथ कपल रियलिटी शो पति पत्नी और पंगा होस्ट कर रहे हैं।

'बस एक इंसान का प्यार चाहिए था'
प्रखर गुप्ता के यूट्यूब शो पर बातचीत में मुनव्वर ने कहा, "बिग बॉस के बाद मुझे बहुत अटेंशन मिल रही थी, लेकिन उसी समय मुझे लगा कि मुझे बस एक इंसान का प्यार चाहिए और एक परिवार चाहिए। यही सही समय था शादी करने का।" उन्होंने बताया कि मेहजबीं से उनकी मुलाकात शो के बाद हुई और तीन महीने में दोनों ने शादी कर ली।
ये भी पढ़ें: सच बताया तो गुस्सा क्यों? 18 साल पुराने विवाद पर नई जंग, श्रीसंत की पत्नी पर भड़के ललित मोदी
"पहले शादी, फिर प्यार"
मुनव्वर ने खुलकर कहा कि शादी के बाद ही उनके और मेहजबीं के बीच प्यार गहरा हुआ। उन्होंने कहा, "वो मेरी जिंदगी में आईं, हमने शादी की और उसके बाद प्यार हुआ। मैं खुद को खुशकिस्मत मानता हूं कि मैंने यह फैसला लिया।"
पिछले रिश्ते की तकलीफ
पहले भी शादीशुदा रह चुके मुनव्वर को पहले रिश्ते से एक बेटा है जिसका नाम मिकाइल हैं। अपने पुराने रिश्ते को याद करते हुए उन्होंने कहा, "उस दौर में मैं खुद को खलनायक समझने लगा था। मुझे लगता था कि दुनिया स्वार्थी है और सब कुछ अस्थायी है। उस वक्त नमाज ही मेरी थेरेपी बन गई थी।"
दोनों बच्चों की परवरिश साथ
आज मुनव्वर और मेहजबीं अपने-अपने पिछले रिश्तों से हुए बच्चों की परवरिश साथ कर रहे हैं। इस बारे में मुनव्वर कहते हैं कि उन्होंने अपनी पत्नी से लोगों को महत्व देना सीखा है। उन्होंने कहा, "वो बच्चों की परवरिश में बहुत समझदारी दिखाती हैं। वो बच्चों को बेतहाशा लाड़-प्यार देने की बजाय उन्हें सही तरीके से गाइड करती हैं।"
बच्चों को आत्मनिर्भर बनाना जरूरी
मुनव्वर ने बताया कि हाल ही में पत्नी से बच्चों की परवरिश को लेकर उनकी बहस हुई। मुनव्वर ने बताया, "मैं कह रहा था कि बच्चे को तुरंत पानी दे देना चाहिए, इंतजार क्यों करवाना। तब मेहजबीं ने समझाया कि बच्चे को ये सीखना जरूरी है कि हर वक्त चीजें हाथ में नहीं मिलेंगी, उसे खुद भी कोशिश करनी होगी। तब मुझे अहसास हुआ कि बच्चों को आत्मनिर्भर बनाना कितना जरूरी है।"
नया नजरिया, नई सीख
इस बातचीत में मुनव्वर ने माना कि उनकी पत्नी की सोच बेहद प्रैक्टिकल है और उन्होंने उन्हें जिंदगी को नए नजरिए से देखना सिखाया है। उनके मुताबिक, छोटे-छोटे मामलों में भी उनकी पत्नी बच्चों को भविष्य के लिए तैयार करती हैं, जो उन्हें बेहद खास लगता है।
ये भी पढ़ें: 'भारत में ये चीज सबसे बुरी है', भारत-पाक तनाव के बीच मुनव्वर फारूकी का शॉकिंग बयान, किस पर निकाला गुस्सा?












Click it and Unblock the Notifications