सिद्धार्थ शुक्ला की मौत पर आया मुंबई पुलिस का बयान, कहा- अभी नहीं पता कैसे गई एक्टर की जान
सिद्धार्थ शुक्ला की मौत पर आया मुंबई पुलिस का बयान, कहा- अभी नहीं पता कैसे गई एक्टर की जान
मुंबई, 2 सितंबर: एक्टर सिद्धार्थ शुक्ला की आज सुबह हुई मौत को लेकर मुंबई पुलिस ने अपनी जांच शुरू कर दी है। एक्टर की मौत के बाद मुंबई पुलिस की ओर से पहला बयान आया है। मुंबई पुलिस की ओर से कहा गया है कि अभी वो नहीं कह सकते कि सिद्धार्थ शुक्ला की मौत की वजह क्या थी। मामले की जांच के बाद ही वो इस पर बोल पाएंगे। वहीं अस्पताल की ओर से साफ किया गया है कि उनके यहां आने से पहले ही सिद्धार्थ की मौत हो चुकी थी। मुंबई के कूपर अस्पताल की ओर से कहा गया सिद्धार्थ शुक्ला को सुबह 10.30 बजे मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। अस्पताल ने भी मौत के कारणों को लेकर अभी कुछ नहीं कहा है।

मुंबई पुलिस ने क्या कहा
मुंबई पुलिस की ओर से कहा गया है कि अभिनेता सिद्धार्थ शुक्ला की मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। एक टीम जांच के लिए शुक्ला के घर पर मौजूद है और जांच चल रही है। पुलिस ने बताया है कि एक्टर के शरीर पर किसी तरह की चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं।
Recommended Video

परिवार ने किसी साजिश की बात नकारी
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सिद्धार्थ शुक्ला के परिवार ने मुंबई पुलिस को बताया है कि एक्टर की मौत हार्ट अटैक से हुई है और इसमें किसी साजिश की बात कहना ठीक नहीं है। परिवार का कहना है कि एक्टर की मौत के बारे में मीडिया में अटकलें नहीं चाहते हैं। पुलिस और परिजन अब सिद्धार्थ की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। जिसके बाद स्थिति पूरी तरह साफ हो जाएगी।

हार्ट अटैक बताया गया है मौत का कारण
सिद्धार्थ शुक्ला को गुरुवार को मुंबई के कूपर अस्पताल में लेकर आया गया था। जहां उनको मृत घोषित कर दिया गया। वह 40 वर्ष के थे। बताया गया है कि सिद्धार्थ को हार्ट अटैक आया था, जिसके बाद उनको अस्पताल लाया गया, जहां उनको मृत घोषित कर दिया गया। सिद्धार्थ टीवी के काफी लोकप्रिय सितारे थे। उन्हें टीवी शो बालिका वधू में अपनी भूमिका के लिए काफी प्रसिद्ध मिली थी। वो बिग बॉस के विजेता भी रहे थे।

फिल्मों में भी किया था काम
सिद्धार्थ शुक्ला ने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की थी। इसके बाद वो टीवी इंडस्ट्री में आए। 2008 में उन्होंने टीवी सीरियल में एक्टिंग शुरू कर दी थी। शुक्ला ने 'बाबुल का आंगन छूटे ना', 'जाने पहचाने से... ये अजनबी', 'लव यू जिंदगी' जैसे टीवी धारावाहिकों में काम किया। हालांकि उनको बड़ी पहचान और लोकप्रियता बालिका वधू सीरियल से मिली। 2014 में उन्होंने फिल्मों में एंट्री की। 2014 में आई हंपटी शर्मा की दुल्हनिया उनकी डेब्यू फिल्म थी। इस फिल्म में वो एक सपोर्टिंग रोल में दिखे थे।

बॉलीवुड और टीवी सेलेब्स ने जताया शोक
सिद्धार्थ शुक्ला के आकस्मिक निधन के बारे में सुन हर कोई चौंक गया है। टीवी और फिल्म के तमाम सितारों ने उनकी मौत को लेकर दुख का इजहार किया है। अक्षय कुमार, अजय देवगन, रवीना टंडन, मनोज बाजपेयी, निम्रत कौर समेत तमात सितारों ने सिद्धार्थ शुक्ला के निधन पर शोक व्यक्त किया है। सिद्धार्थ के साथ काम करने वाले सितारों ने उनको सोशल मीडिया पर याद किया है।












Click it and Unblock the Notifications