MTV Roadies 18 का खिताब नंदिनी-आशीष ने किया अपने नाम, जानिए विनर को क्या-क्या मिला
मुंबई, 11 जुलाई। लोकप्रिय टीवी रिएलिटी शो रोडीज का यह सीजन खत्म हो गया है। शो का फिनाले दक्षिण अफ्रीका में हुआ और इस बार नंदिनी और आशीष भाटिया ने शो को जीता और विजेता की ट्रॉफी अपने नाम की। खास बात यह है कि इस बार रोडीज को बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद ने होस्ट किया था। एमटीवी पर आने वाले इस शो को युवा काफी पसंद करते हैं। शो के फिनाले को दक्षिण अफ्रीका में शूट किया गया, जिसका नाम अल्टिमेट चैंपियन रखा गया था। इस बार रोडीज के शो को एक नहीं बल्कि दो लोगों ने साझा रूप से जीता है।

काफी अलग है रोडीज का फॉर्मेट
रोडीज शो अपने खास तरह के फॉर्मेट के लिए जाना जाता है, जिसमे कई तरह के एडवेंचर होते हैं, प्रतिभागी को अफन शारीरिक क्षमता के साथ बौद्धिक क्षमता का भी इसमे परिचय देना होता है। दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन में लोकप्रिय विक्टोरिया एंड अल्फ्रेड वॉटरफ्रंट में शो का फिनाले हुआ। जिसमे आशीष और नंदिनी का मुकाबला युक्ति अरोड़ा और जसवंत बोपन्ना व केविन अल्मासिफर व मूले जट्टाना से था।

कितना प्राइज मिला
शो के विजेता को इनाम में 10 लाख रुपए का कैश प्राइज दिया गया है जबकि इसके साथ उसे रोडीज की ट्रॉफी दी गई है। इसके अलावा विजेताओं को कई गिफ्ट हैंपर भी दिए गए हैं। लेकिन इस सब से इतर शो के विजेताओं को एक बड़ा एक्सपोजर मिलता है जोकि फिल्मों और टीवी में काम करने में काफी मदद करता है। रोडीज से कई जानेमाने चेहरे सामने आ चुके हैं जिन्होंने मनोरंजन जगत में अपनी अलग पहचान बनाई है। जिसमे आयुष्मान खुराना, रणविजय, वानी जे जैसे नाम शामिल हैं।

लोग बधाई दे रहे
शो के विजेता का खिताब जहां आशीष और नंदिनी के नाम हुआ तो युक्ति और जसवन को उपविजेता घोषित किया गया है, तीसरे पायदान पर केविन और मूसे आए। रोडीज शो जीतने पर आशीष और नंदिनी को सोशल मीडिया पर लोग बधाई दे रहे हैं। एक फैन ने ट्वीट करके लिखा आशीष ने इस साल रोडीज का टाइटल जीता, आप इसके हकदार हैं। जबकि दूसरे यूजर ने लिखा नंदू मेरी पसंदीदा थी, मैं खुश हूं कि उसने खिताब को जीता है।

बीच में रणविजय ने शो को कहा अलविदा
बता दें कि एमटीवी रोडीज का सफर दक्षिण अफ्रीका में शुरू हुआ था, इस शो को रणविजय की वजह से सबसे ज्यादा लोकप्रियता मिली थी, लेकिन जिस तरह से बीच में ही रणविजय ने शो को अलविदा कह दिया उसने हर किसी को चौंका दिया। खुद रणविजय शो के विजेता रह चुके हैं और इसके बाद वह शो के होस्ट भी बन गए। तकरीबन 18 साल तक वह रोडीज के साथ जुड़े रहे। ना सिर्फ रणविजय बल्कि नेहा धूपिया ने भी शो को अलविदा कह दिया है।

20 प्रतियोगियों ने लिया हिस्सा
रणविजय के शो छोड़ने के बाद शो के मेकर्स सोनू सूद को इसमे बतौर होस्ट लेकर आए। इस बार का रोडीज शो बिल्कुल अलग था। इस बार के शो में प्रतियोगी अकेले नहीं बल्कि जोड़े में खेल रहे थे। शो में 20 प्रतियोगियों ने हिस्सा लिया था। पूर्व प्रतियोगियों को नए कंटेस्टेंट के साथ रखा गया था। रोडीज के 18वें सीजन की शुरुआत अप्रैल माह में हुई थी और पूरा शो दक्षिण अफ्रीका में शूट हुआ था।












Click it and Unblock the Notifications