Met Gala Rules: नो सेल्फी से लेकर, प्याज लहसुन पर बैन तक... ये हैं मेट गाला के अजीबोगरीब नियम
Met Gala weird rules: मेट गाला इवेंट सिर्फ ड्रेस को लेकर ही नहीं बल्कि यहां के नियमों को लेकर भी काफी पर्टिकुलर हैं। इवेंट में काफी सारे ऐसे नियम हैं, जिनके बारे में ज्यादातर लोगों को नहीं मालूम है।

Met Gala rules: मेट गाला मशहूर हस्तियों, फैशन और पॉप कल्चर के सबसे बड़े इवेंट्स में से एक है। इस इवेंट के शुरू होने से पहले ही लोग पलके बिछाए बैठे रहते हैं।
मेट गाला इवेंट में जो सबसे चर्चा का विषय रहता है, वो है सिलेब्रिटीज के लुक। स्टार-स्टडेड और फैशनेबल ड्रेसेज की इस शाम का बेसब्री से सभी को इंतजार रहता है। लेकिन ड्रेस के अलावा कुछ और भी है, जो चर्चा का विषय है। और वो है मेट गाला के नियम-कानून।
अजीबोगरीब हैं मेट गाला के नियम
डिजाइनर कपड़े हों, या फिर हेयरस्टाइल... मेट गाला में हमेशा ये चर्चा का विषय रहता है। सेलेब के लुक तो छाए ही रहते हैं और कई बार इन्हें ट्रोल भी होना पड़ता है। लेकिन कुछ बातें इवेंट की ऐसी भी हैं, जिनके बारे में काफी लोगों को नहीं मालूम होता। उन्हीं में से एक हैं शो के नियम कानून। इन रूल्स में सीटिंग अरेंजमेंट्स से लेकर खाने में लहसुन का ना होना तक शामिल है।
सेल्फी पर है बैन
सबसे पहले बात करते हैं नो सेल्फी रूल की। 'द मिंट' की खबर के मुताबिक, इवेंट में एक रूल जो साल 2015 से बना हुआ है, वो ये कि यहां सेल्फी बैन है। मेट गाला इवेंट में फोन के इस्तेमाल पर भी बैन है। आप फोन का इस्तेमाल फोटोग्राफी और सोशल मीडिया के लिए नहीं कर सकते। इवेंट की शुरुआत से पहले ही ये नोटिस सारे मेहमानों को भेज दिया जाता है। लेकिन नियम के बावजूद रियलिटी स्टार केली जेनर ने साल 2017 में बाथरूम में सेल्फी लेते हुए ये रूल तोड़ा था।
18 साल से कम हैं तो...
इस बात से फर्क नहीं पड़ता कि आप सेलेब्रिटी हैं या फिर कितने ही मशहूर। फर्क नहीं पड़ता आपकी क्या उपलब्धियां हैं। लेकिन अगर आपकी उम्र 18 साल से नीचे है, तो आप मेट गाला इवेंट में हिस्सा नहीं ले सकते। साल 2018 में मेट गाला में उम्र को लेकर ये नियम बनाए गए थे। साफ कहा गया था कि 18 साल से कम उम्र वालों के लिए कोई इवेंट नहीं है।
स्मोकिंग पर कड़ी सजा
साल 2017 में बेला हदीद, डकोटा जॉनसन और मार्क जैकब्स को बाथरूम में स्मोकिंग करते हुए देखा गया था। ऐसे में बोर्ड के मेंबर्स ने इस बात की आलोचना की और कहा कि ये बेहद अपमानजनक था। इसके बाद साल 2018 में मेहमानों को एक नोटिस जारी किया, जिसमें धूम्रपान को वर्जित बताया गया।
मुंह से ना आए बदबू
अपनी ओरल हाइजीन को बनाए रखने को लेकर मेट गाला इवेंट में ये नियम बनाया गया है। इवेंट में शानदार कॉकटेल और डिनर पार्टी होती है। न्यूयॉर्क पोस्ट ने बताया कि खाने की कुछ चीजों को जानबूझकर मेन्यू से हटा दिया गया है। इसमें पार्स्ले भी शामिल है क्योंकि ये सेलेब्स के दांतों में फंस जाता है। इसके साथ ही इवेंट में ना तो प्याज और ना ही लहसुन का इस्तेमाल किया जाता है।
सख्त है बैठने के नियम
इवेंट में बैठने की व्यवस्था भी कम सख्त नहीं है। इसमें ये बात भी शामिल है कि पति-पत्नी कभी भी एक दूसरे के बगल में नहीं बैठ सकते। साल 2016 में आई एक डॉक्यूमेंट्री द फर्स्ट मंडे इन मई में भी सिटिंग अरेंजमेंट्स को लेकर काफी कुछ दिखाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications