Manoj Muntashir ने 'स्काई फोर्स' के मेकर्स को दी ऐसी धमकी, अक्षय कुमार की फिल्म पर क्यों हुआ विवाद?
Manoj Muntashir: बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार इस समय अपनी अपकमिंग फिल्म 'स्काई फोर्स' को लेकर सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं। ये फिल्म आगामी 24 जनवरी 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। हालांकि रिलीज से पहले फिल्म मेकर्स को गीतकार और लेखक मनोज मुंतशिर ने धमकी दी है।
'माये' गाने को लिखने का क्रेडिट मनोज मुंतशिर को नहीं मिला
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अक्षय कुमार की अपकमिंग फिल्म 'स्काई फोर्स' की टीम ने मूवी के गाने 'माये' लिखने का क्रेडिट मनोज मुंतशिर को नहीं दिया है जिस पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की है। इस बात को लेकर मनोज मुंतशिर काफी गुस्सा हो गए हैं।

मनोज मुंतशिर ने फिल्म मेकर्स को दी धमकी
ऐसे में मनोज मुंतशिर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर फिल्म मेकर्स, जियो सिनेमा, दिनेश विजान की मैडॉक और सारेगामा ग्लोबल को कानूनी कार्रवाई की धमकी दी है। आपको बता दें कि गत 7 जनवरी 2025 को जियो सिनेमा की ओर से एक्स हैंडल पर फिल्म 'स्काई फोर्स' पर गाने 'माये' का टीजर शेयर किया था।
बी प्राक ने गाया है नया गाना
इस गाने को बी प्राक ने गाया है जबकि तनिष्क बागची ने इसका म्यूजिक दिया है। गाने का टीजर को जारी करते हुए फिल्म मेकर्स ने बी प्राक और तनिष्क बागची दोनों को क्रेडिट दिया है लेकिन मनोज मुंतशिर का जिक्र तक नहीं किया गया है।
'माये' वीरों को समर्पित एक श्रद्धांजलि है
फिल्म के मेकर्स ने माये गाने का टीजर जारी करते हुए कैप्शन में लिखा है- 'माये' उन वीरों को समर्पित एक श्रद्धांजलि है जिन्होंने अपनी मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। 'स्काई फोर्स' के मेकर्स ने टीजर के कैप्शन में मनोज मुंतशिर को टैग किया है लेकिन क्रेडिट नहीं मिलने पर लेखक भड़क गए हैं।
'इस गाने के लिए मैंने अपना खून-पसीना बहा दिया है'
मनोज मुंतशिर ने जियो सिनेमा के ट्वीट को रीशेयर करते हुए लिखा है- कृपया ध्यान दें @jiostudios,@MaddockFilms @saregamaglobal ये सॉन्ग न सिर्फ गाया और कंपोज किया गया है, बल्कि इसे किसी एक व्यक्ति ने लिखा भी है, जिसने इस सॉन्ग के लिए अपना सारा खून-पसीना बहा दिया है।
मनोज मुंतशिर ने ट्वीट में लिखी ऐसी बात
मनोज मुंतशिर ने ट्वीट में आगे लिखा है- शुरुआती क्रेडिट से लेखकों का नाम हटाना शिल्प और बिरादरी के प्रति मेकर्स की ओर से घोर अनादर दर्शाता है। अगर उसे तुरंत ठीक नहीं किया गया जिसमें कल रिलीज होने वाला मेन सॉन्ग भी शामिल है तो मैं सॉन्ग को अस्वीकार कर दूंगा। साथ में सुनिश्चित करूंगा कि मेरी आवाज देश के कानून के सामने सुनी जाए। फिल्म 'स्काई फोर्स' में अक्षय कुमार के अलावा वीर पहाड़िया, सारा अली खान और निम्रत कौर नजर आएंगी।












Click it and Unblock the Notifications