Ghooskhor Pandit Controversy: मनोज बाजपेयी की 'घूसखोर पंडित' नहीं होगी रिलीज? जानिए पूरा विवाद
मनोज बाजपेयी की आने वाली फिल्म 'घूसखोर पंडित' ने टीज़र लॉन्च होते ही सुर्खियां बटोर ली हैं। लेकिन वजह तारीफ नहीं बल्कि विवाद है। फिल्म के टाइटल को लेकर आपत्ति जताई गई है और मामला अब कानूनी मोड़ ले चुका है। देश के अलग अलग शहरों में इस टाइटल का विरोध हो रहा है। नेटफ्लिक्स को भी बायकॉट करने की मांग कर रहे हैं।

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई के वकील आशुतोष दुबे ने फिल्म के निर्माताओं को कानूनी नोटिस भेजा है। नोटिस में आरोप लगाया गया है कि फिल्म के नाम में इस्तेमाल किया गया शब्द 'पंडित' एक सम्मानजनक और प्रतिष्ठित संबोधन है, जिसे भ्रष्टाचार से जोड़ना आपत्तिजनक है।
ब्राह्मण समुदाय की गरिमा को ठेस का आरोप
वकील दुबे का कहना है कि 'पंडित' शब्द को घूसखोरी जैसे अपराध से जोड़ना पूरे ब्राह्मण समुदाय की छवि को नुकसान पहुंचाता है। नोटिस में यह भी दावा किया गया है कि फिल्म जानबूझकर एक विशेष समुदाय को नकारात्मक रूप में दिखाने की कोशिश कर रही है, जो सामाजिक सौहार्द के खिलाफ है।
ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी उठे सवाल
नोटिस में नेटफ्लिक्स जैसे बड़े ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी सवाल खड़े किए गए हैं। दुबे का तर्क है कि भारतीय संस्कृति में 'पंडित' ज्ञान, नैतिकता और आध्यात्मिक मूल्यों का प्रतीक माना जाता है। ऐसे शब्द को अपराध और रिश्वतखोरी से जोड़ना रचनात्मक स्वतंत्रता की आड़ में समुदाय की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने जैसा है।
नाम बदलने की मांग, जवाब का इंतज़ार
वकील का कहना है कि फिल्म का नाम सिर्फ सनसनी पैदा करने के उद्देश्य से रखा गया है, जिसमें सामाजिक संवेदनशीलता की अनदेखी की गई है। उन्होंने मेकर्स से फिल्म का नाम बदलने की मांग की है। फिलहाल इस मामले पर न तो नेटफ्लिक्स और न ही फिल्म निर्माताओं की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है।
टीज़र में मनोज बाजपेयी का किरदार
टीज़र के मुताबिक, मनोज बाजपेयी फिल्म में दिल्ली के सीनियर इंस्पेक्टर अजय दीक्षित का किरदार निभा रहे हैं, जिन्हें 'पंडित' के नाम से जाना जाता है। उनके चरित्र को एक बदनाम पुलिस अधिकारी के रूप में पेश किया गया है, जो करीब 20 साल पहले सब-इंस्पेक्टर बने थे और अपने विवादित कामों की वजह से कई बार डिमोशन झेल चुके हैं।
आगे बढ़ सकता है विवाद
फिल्म के नाम और विषय को लेकर उठा यह विवाद अब तूल पकड़ता नजर आ रहा है। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि मेकर्स इस पर क्या रुख अपनाते हैं और क्या फिल्म के टाइटल में कोई बदलाव किया जाता है या नहीं।












Click it and Unblock the Notifications