OI Exclusive Mann Mann Swaraj: कौन हैं गीतकार राघवेंद्र जिन्होंने लिखा सफलता का नया इतिहास?
Mann Mann Swaraj Song, Exclusive: गुरुवार को छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती महाराष्ट्र समेत पूरे भारत में पूरे जोश और हर्ष के साथ मनाई गई, लोगों ने शिवाजी महाराज के विचारों का इस दिन ध्यान किया तो वहीं एक गीत ने इस वक्त सोशल मीडिया पर धूम मचा रखी है, जिसे सुनते ही रोम-रोम में जोश भर जाता है, आलम तो ये है कि ये गाना आज हर ऑटो, बस, दुकान और FM पर बज रहा है और जिसे सुनने के बाद हर कोई कह रहा है 'मन मन स्वराज'।
आपको बता दें कि इस गीत को दिव्य कुमार और लालित्य मुन्शा ने अपनी आवाज दी है, जबकि इसे संगीत से सजाया है संगीतकार AVN पवन कुमार ने, तो वहीं इसे लिखा है राघवेंद्र भट्ट ने, जिनकी कलम ने शिवाजी महाराज की छवि को इस तरह से रेखांकित किया है, जिससे सुनने के बाद हर किसी का मन मयूर की तरह नाचने को करने लगा है।

वनइंडिया हिंदी से एक्सक्लूसिव बातचीत में राघवेंद्र भट्ट ने कहा कि 'शिवाजी महाराज हमारे नायक हैं और जो कुछ भी मैंने लिखा है वो एक संकल्प के रूप में कहीं ना कहीं दिल-दिमाग में अंकित था जो कि गीत के रूप में सामने आया है, मेरे हिसाब से इतिहास केवल स्मृति का विषय नहीं, अपितु अनुभूति, सम्मान और उत्तरदायित्व का संस्कार है, जो कि पहले भाव के रूप में पनपा जिसे धुन और संगीत का साथ मिला और फिर ये 'मन मन स्वराज' के रूप में लोगों के सामने आया।'
Mann Mann Swaraj Songs Exclusive: राघवेंद्र भट्ट पेशे से डॉक्टर हैं
आपको बता दें कि राघवेंद्र भट्ट मूलरूप से आरा ( बिहार) के रहने वाले हैं और पेशे से डॉक्टर हैं लेकिन लंबे वक्त से नासिक (महाराष्ट्र) में रह रहे हैं। संगीत और लेखनी का शौक उन्हें बचपन से ही था और इसी के चलते वो दोनों क्षेत्रों की जिम्मेदारी बखूबी निभा रहे हैं, आध्यात्म में रूचि रखने वाले डॉ राघवेंद्र भट्ट, लोकप्रिय धर्मगुरु स्व. स्वामी अखिलेश भट्ट के पुत्र हैं।
Mann Mann Swaraj Song: 'साहस, त्याग और शौर्य के प्रतीक'
मेडिकल फील्ड के साथ-साथ गीतकार के रूप में दो दशकों से अधिक का अनुभव रखने वाले राघवेंद्र भट्ट चिकित्सकीय उत्तरदायित्वों के साथ-साथ गीत लेखन और सांस्कृतिक सृजन में भी निरंतर सक्रिय हैं और इन दिनों 'मन मन स्वराज' के चलते लोगों के दिलों पर राज कर रहे हैं। अपने आने वाले प्रोजेक्ट में बात करते हुए राघवेंद्र भट्ट ने कहा कि 'शिवाजी के बाद अगली रचनात्मक प्रस्तुति साहस, त्याग और शौर्य की अमर प्रतीक रानी लक्ष्मीबाई को समर्पित होगी।'
पुणे निवासी महिम ओझा ने बनाया गीत का अंग्रेजी उपशीर्षक
जबकि संगीतकार AVN पवन कुमार ने इस गीत के बारे में एक खास बात बताई, उन्होंने कहा कि 'इस गीत का अंग्रेजी उपशीर्षक पुणे निवासी महिम ओझा ने बनाया है, जिन्होंने भाषा तो बदली लेकिन भाव नहीं, हमने कोशिश की इस गीत को मौलिक रूप से लोगों के सामने प्रस्तुत करने की और जिस तरह से प्रतिक्रिया आई है,उससे एहसास होता है कि हम इस गीत के प्यार, माधुर्य और भाव तीनों को संतुलित करने में सफल रहे हैं।'
Mann Mann Swaraj Geet: दिव्य कुमार-लालित्य मुन्शा ने गाया है गीत
तो वहीं छत्रपति शिवाजी महाराज और माता जीजाबाई के रिश्ते को समर्पित गीत 'मन मन स्वराज' के बारे में सिंगर्स दिव्य कुमार और लालित्य मुन्शा ने कहा कि 'इस गाने से जुड़ना उनके लिए गर्व की बात है, इस गीत में शिवाजी महाराज की गाथा के साथ जोश, भावनाएं और स्वराज्य की प्रेरणा एक साथ महसूस होती है,जिसे आज की जनरेशन को जानना जरूरी है और हम इसके लिए राघवेंद्र भट्ट को धन्यवाद देते है कि उन्होंने बहुत ही सुंदर ढंग से इस गीत को लिखा, जिसे स्वरबद्ध करने का हमें मौका मिला।'












Click it and Unblock the Notifications