'पढ़ाई कर लें, फिर बोलें', Swara Bhasker पर भड़कीं BJP विधायक मैथिली ठाकुर, 'जौहर' सीन विवाद पर ऐसे लगाई क्लास
Maithili Thakur On Swara Bhasker: बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। संजय लीला भंसाली की फिल्म 'पद्मावत' में दिखाए गए जौहर के सीन को लेकर एक्ट्रेस ने 31 अगस्त 2026 को एक बयान दिया जिसने हलचल मचा दी। दरअसल स्वरा भास्कर ने इस सीन में महिलाओं को कायर कह दिया। आपको बता दें कि साल 2018 में भी स्वरा भास्कर ने जौहर को लेकर सवाल उठाए थे। अब करीब आठ साल बाद फिर से उनका बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। मामले ने इतना तूल पकड़ लिया है कि स्वरा भास्कर ने खुद सामने आकर अपनी बात स्पष्ट की है।
मैथिली ठाकुर ने स्वरा के बयान पर जताई नाराजगी
इस विवाद के बीच भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर ने भी स्वरा भास्कर के बयान पर प्रतिक्रिया दी है। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने स्वरा भास्कर की टिप्पणी की आलोचना करते हुए कहा कि जिस तरह से एक्ट्रेस ने ये बात कही, वह उन्हें बेहद आपत्तिजनक लगी है।

'पहले पढ़ाई करो, उसके बाद बोलो'
मैथिली ठाकुर ने कहा कि अगर किसी विषय की पूरी जानकारी नहीं है तो उस पर इस तरह आत्मविश्वास के साथ टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। उन्होंने स्वरा भास्कर को सलाह दी कि पहले उन्हें इस विषय से जुड़े इतिहास और तथ्यों को अच्छी तरह समझना चाहिए और उसके बाद ही अपनी राय रखनी चाहिए। मैथिली ठाकुर ने कहा- अगर उन्हें इन सभी चीजों का नॉलेज नहीं हैं, तो उन्हें इस तरह की बातें नहीं करनी चाहिए थी। वो पहले पूरी पढ़ाई कर लें, उसके बाद आकर बोलें।
क्या था स्वरा भास्कर का पद्मावत को लेकर विवादित बयान?
दरअसल ये पूरा विवाद स्वरा भास्कर के उस खुले पत्र से जुड़ा है, जो उन्होंने साल 2018 में 'पद्मावत' की रिलीज के दौरान लिखा था। इस पत्र में उन्होंने फिल्म में जौहर को दिखाए जाने के तरीके पर सवाल उठाया था। स्वरा भास्कर ने उस समय सवाल किया था कि अगर किसी महिला को बलात्कार या यौन हिंसा से बचने के लिए अपनी जान देनी पड़े, तो क्या इसे सम्मानजनक विकल्प माना जाना चाहिए? उन्होंने जौहर के चित्रण के जरिए महिलाओं की गरिमा और उनके जीवन के अधिकार को लेकर भी सवाल खड़े किए थे।
8 साल पुराना बयान फिर क्यों आया चर्चा में?
स्वरा भास्कर का ये बयान नया नहीं है बल्कि करीब 8 साल पुराना है। हालांकि सोशल मीडिया पर इसके दोबारा वायरल होने के बाद इस पर नई बहस शुरू हो गई है। राजपूत समाज से जुड़े लोगों और कुछ राजनीतिक संगठनों ने अभिनेत्री की टिप्पणी पर आपत्ति जताई है। विवाद बढ़ने के बाद करणी सेना की महिला विंग और कुछ नेताओं की ओर से भी स्वरा भास्कर के बयान की आलोचना की गई। विरोध करने वालों ने इसे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी बताया है।
बयान पर बढ़े विवाद के बाद स्वरा भास्कर ने दी सफाई
विवाद बढ़ने के बाद स्वरा भास्कर ने अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि उनकी आपत्ति रानी पद्मावती या जौहर करने वाली महिलाओं को लेकर नहीं थी। उन्होंने ये भी स्पष्ट किया कि उन्होंने उन वीरांगनाओं को कभी कायर नहीं कहा। स्वरा भास्कर के मुताबिक उनका सवाल फिल्म में जौहर के चित्रण और उससे दर्शकों तक पहुंचने वाले संदेश को लेकर था। एक्ट्रेस का कहना था कि उनकी टिप्पणी का उद्देश्य ऐतिहासिक महिलाओं का अपमान करना नहीं बल्कि फिल्म में इस घटना को प्रस्तुत किए जाने के तरीके पर सवाल उठाना था।
'पद्मावत' के जौहर सीन ने खड़ा किया था बड़ा विवाद
जानकारी के अनुसार साल 2018 में रिलीज हुई संजय लीला भंसाली की फिल्म 'पद्मावत' रिलीज से पहले ही विवादों में घिर गई थी। फिल्म की कहानी, किरदारों और कई सीन्स को लेकर देशभर में बहस हुई थी। रिलीज के बाद भी फिल्म के जौहर वाले सीन को लेकर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आई थीं। अब सालों बाद स्वरा भास्कर का पुराना बयान फिर चर्चा में आने से 'पद्मावत' से जुड़ा ये विवाद एक बार सुर्खियों में लौट आया है।


Click it and Unblock the Notifications
