'फिल्म विक्रम वेधा पर रिव्यू करूंगा अगर बॉलीवुड...' केआरके ने फिर लगाया बॉलीवुड पर बड़ा आरोप
अपने विवादित बयानों के लिए मशहूर केआरके यानी कमाल आर खान एक बार फिर चर्चा में आ गए। उन्होंने कहा ऋतिक रोशन की अपकमिंग फिल्म विक्रम वेधा पर रिव्यू करेंगे।
मुंबई, 17 सितंबर: बॉलीवुड पर विवादित टिप्पणी और खुद को फिल्म क्रिटिक कहने वाले कमाल आर खान यानी केआरके अक्सर अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। लेकिन पिछले कुछ दिनों से वह अपनी गिरफ्तारी को लेकर चर्चा में थे। हालांकि पुलिस ने उनको अब जेल से रिहा कर दिया है। लेकिन जेल से बाहर आने के बाद एक बार फिर ट्विटर पर वह एक्टिव हो गए हैं। हाल ही उन्होंने बॉलीवुड अभिनेता ऋतिक रोशन की अपकमिंग फिल्म विक्रम वेधा को लेकर एक ट्वीट किया है।

बॉलीवुड को लेकर केआरके के बदले सुर
जेल से बाहर आने के बाद कमाल आर खान के विवादित बयानों का सिलसिला एक बार फिर से शुरू हो गया। वह आए दिन बॉलीवुड के खिलाफ कुछ ना कुछ ट्वीट कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने ट्वीट कर बताया था कि उनकी गिरफ्तारी के पीछे करण जौहर समेत बड़े अभिनेता शामिल नहीं हैं। वहीं अब उन्होंने ऋतिक रोशन की फिल्म विक्रम वेधा के जरिए बॉलीवुड पर एक बार फिर निशाना साधा है।
विक्रम वेधा को करेंगे रिव्यू अगर...
केआरके ने ट्वीट कर लिखा कि, 'मैं विक्रम वेधा का रिव्यू जरूर करूंगा, अगर फिल्म की रिलीज से पहले बॉलीवुड वाले मुझे दोबारा जेल में नहीं डालेंगे।' फिल्म विक्रम वेधा पर केआरके का ये ट्वीट देख फैंस कंफ्यूज हो गए हैं और उनके पुराने ट्वीट को लेकर उनसे सवाल कर रहे हैं।

फैंस ने याद दिलाया पुराना ट्वीट
एक यूजर ने केआरके के पुराने ट्वीट को रिट्वीट कर पोस्ट पर लिखा कि, 'तो ये क्या था।' वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा, 'आपने खुद कहा कि करण जौहर और उनकी फिल्मों का आपकी गिरफ्तारी से कोई लेना देना नहीं है'। तो अन्य ने लिखा, 'भाई कहना क्या चाहते हो कभी कहते हो बॉलीवुड वालों ने नहीं भेजा जेल और अभी बोल रहे हो कि उन्होंने भेजा।'
केआरके ने करण जौहर को लेकर कही थी ये बात
बता दें कि पिछले दिनों केआरके का एक ट्वीट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। उन्होंने ट्वीट कर लिखा था कि, 'कई लोग कह रहे हैं कि मेरी गिरफ्तारी के पीछे करण जौहर का हाथ था। लेकिन यह सच नहीं है। करण जौहर, शाहरुख खान, अजय देवगन, आमिर खान और अक्षय कुमार, इन सभी का मेरी गिरफ्तारी से लेना देना नहीं है'। वहीं केआरके के इस ट्वीट पर कुछ फैंस ने सवाल किया था कि क्या सलमान खान ने उनकी गिरफ्तारी कराई है।

केआरके पर लगे थे ये आरोप
दरअसल पिछले कुछ दिनों से केआरके अपनी गिरफ्तारी को लेकर सु्र्खियों में थे। 30 अगस्त को उनको मुंबई पुलिस ने दिवंगत अभिनेता इरफान खान और ऋषि कपूर को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर गिरफ्तार किया था। इसके अलावा उनके खिलाफ छेड़छाड़ करने के भी आरोप लगाए गए थे। हालांकि जेल में 10 दिन रहने के बाद पुलिस ने उन्हें रिहा कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications