कैंसर से लड़कर छोटे परदे पर वापसी को तैयार किरण खेर, इस रियलिटी शो में बतौर जज आएंगी नजर
जानी-मानी अभिनेत्री किरण खेर लंबे अरसे बाद टीवी पर वापसी करने को तैयार हैं। इस साल की शुरुआत में किरण खेर को ब्लड कैंसर से पीड़ित होने का पता चला था, जिसके बाद वह इसका इलाज करा रही थीं और बेड रेस्ट पर थीं।
मुंबई, 9 नवंबर। जानी-मानी अभिनेत्री किरण खेर लंबे अरसे बाद टीवी पर वापसी करने को तैयार हैं। इस साल की शुरुआत में किरण खेर को ब्लड कैंसर से पीड़ित होने का पता चला था, जिसके बाद वह इसका इलाज करा रही थीं और बेड रेस्ट पर थीं। उनके पति अनुपम खेर ने उनके मल्टीपल मायलोमा (एक प्रकार का कैंसर) से पीड़ित होने की जानकारी दी थी। इसके अलावा उनके बेटे सिकंदर उनके स्वास्थ्य के बारे में समय-समय पर सोशल मीडिया पर अपडेट देते रहे। लेकिन अब किरण खेर एक बार फिर छोटे परदे पर वापसी करने को तैयार हैं।

इस रियलिटी शो को होस्ट करती आएंगी नजर
किरण खेर इंडियाज गॉट टेलेंट सीजन 9 शो को होस्ट करती नजर आएंगी। इस सो में शिल्पा शेट्टी और बादशाह भी उनके साथ बतौर होस्ट दिखाई देंगे। बता दें कि किरण साल 2009 से ही इस शो के साथ जुड़ी हुई हैं। शो में वापसी को लेकर किरण काफी खुश हैं। अपनी खुशी जाहिर करते हुए किरण ने कहा, 'इंडियाज गॉट टेलैंट हमेशा से ही मेरे दिल के करीब रहा है। इस प्रतिष्ठित टैलेंट रियलिटी शो के साथ यह मेरा 9वां साल है, जूरी सदस्य के रूप में वापसी करना एक अद्भुत अनुभव है। यह ऐसा है मानो में घर वापस आ रही हूं। साल दर साल, इंडियाज गॉट टैलेंट को देश भर की विविध और असाधारण प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें पूरी दुनिया के सामने लाने के लिए जाना जाता है। मैं आश्चर्यचकित हूं क्योंकि प्रतिभा की गुणवत्ता बेहतर और बेहतर होती जा रही है।'

शो का हिस्सा बनना मेरे लिए गर्व का क्षण
उन्होंने आगे कहा कि, 'मेरे लिए एक ऐसे शो का हिस्सा बनना हमेशा गर्व का क्षण रहा है जो हर किसी को अपनी दुर्लभ प्रतिभा दिखाने के लिए एक मंच देकर सपनों को हकीकत में बदलने में मदद करता है। मैं खूबसूरत और प्यारी शिल्पा शेट्टी कुंद्रा और हमारे पंजाबी मुंडा, बादशाह के साथ शो को जज करने के लिए बेहद उत्साहित हूं। सबसे बढ़कर, मैं इस शो का हिस्सा बनकर बेहद खुश हूं और इस साल भारत के पास जो कुछ है उसे खोजने की इस नई यात्रा को शुरू करने के लिए और इंतजार नहीं कर सकती।'

मल्टीपल मायलोमा से जूझ रही हैं किरण
बता दें कि इस साल अप्रैल में उनके पति अनुपम खेर ने बताया था कि उनकी पत्नी किरण खेर मल्टीपल मायलोमा से जूझ रही हैं, जो एक प्रकार का कैंसर है। पिछले महीने किरण ने एक इंटरव्यू में कहा था कि वह बेहतर महसूस कर रही हैं, और यह भी कहा कि उन्होंने कभी काम करना बंद नहीं किया। उन्होंने आगे कहा, 'मैं जब अस्पताल में थी तब भी मैंने काम करना बंद नहीं किया। इलाज के दौरान में फोन से लोगों के संपर्क में थी। यहां तक की मैंने हाल ही में वर्चुअली छत्तीसगढ़ में एक ऑक्सीजन प्लांट का भी उद्घाटन किया। लेकिन मेरे डॉक्टर ने मुझे यात्रा करने की अनुमति नहीं दी, विशेषतौर पर विमान यात्रा। हालांकि इलाज के कारण मेरी इम्युनिटी थोड़ी कमजोर हो गई है।'

लोगों का प्यार देखकर बहुत प्रभावित हूं
किरण ने कहा कि लोगों से मुझे जो प्यार मिला उससे मैं बहुत प्रभावित हूं। वे बहुत दयालु रहे हैं। मुझे उनसे लगातार मेसेज मिल रहे हैं। मैं सोशल मीडिया पर ज्यादा सक्रिय नहीं हूं, लेकिन अनुपम जी मुझे इस बारे में बताते रहते हैं। मैं भगवान और उनकी आभारी हूं।












Click it and Unblock the Notifications