पति रसिक दवे की मौत के 2 दिन बाद ही काम पर लौटीं केतकी, आखिर क्या थी वजह
रसिक दवे की मौत के बाद अब उनकी पत्नी केतकी दवे काम पर वापस लौट आई हैं। उन्होंने पति की मौत के दो दिन बाद ही काम पर लौटने की वजह भी बताई है।
मुंबई, 6 अगस्तः टीवी और फिल्मों के एक्टर रसिक दवे का कुछ दिनों पहले ही किडनी फेल हो जाने की वजह से निधन हो गया था। उससे पहले उनका 15 दिनों तक अस्पताल में इलाज भी चला था लेकिन 65 वर्षीय रसिक दवे जीवन के इस जंग को हार गए। वह अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं। एक्टर रसिक दवे के अचानक चले जाने से उनके परिवार, दोस्तों और फैंस को गहरा धक्का जरूर लगा है। रसिक दवे की मौत के बाद अब उनकी पत्नी केतकी दवे काम पर वापस लौट आई हैं। उन्होंने पति की मौत के दो दिन बाद ही काम पर लौटने की वजह भी बताई है।

पति की मौत के 2 दिन बाद ही काम पर लौटीं केतकी
जानकारी की अनुसार एक्टर रसिक दवे का निधन 28 जुलाई को हुआ था। वहीं उनकी पत्नी केतकी दवे 31 जुलाई से ही दोबारा अपना काम शुरू कर दिया है। ईटाइम्स से हुई बातचीत में केतकी दवे ने बताया कि वह नहीं चाहती हैं कि लोग उनके दुख का हिस्सा बनें। उन्होंने कहा- मैं नहीं चाहती कि लोग मेरे दुख का हिस्सा बनें। लोगों को तो खुशियों में शामिल होना चाहिए।।

पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ अलग है
इसके बाद केतकी दवे ने इतने बड़े पर्सनल लॉस के बाद सारी चीजों को मैनेज करने के बारे में कहा- मैं केतकी दवे तभी तक हूं जब तक मैं स्टेज पर नहीं जाती। मैं अपने कैरेक्टर में तुरंत रम जाती हूं। केतकी दवे की पर्सनल लाइफ उस किरदार में नहीं आ पाता है। असल जिंदगी को नॉर्मल बनाना जरूरी है।

केतकी दवे ने पति की मौत के बाद नहीं ली छुट्टी
केतकी दवे ने बताया- सूरत में एक प्ले था, जहां मैं गई थी। मैंने 28 जुलाई के बाद एक दिन भी छुट्टी नहीं ली और लगातार काम कर रही हूं। उन्होंने कहा- मुझे बचपन से ही ट्रेन्ड किया गया है कि प्रोफेशनल वर्क पर पर्सनल काम का असर नहीं पड़ना चाहिए। मैं इस बात का हमेशा ध्यान रखती हूं। उन्होंने आगे कहा- मैंने तो तब भी काम किया है जब मेरी तबीयत खराब थी। वैसे भी प्रोजेक्ट में सिर्फ मैं ही शामिल नहीं हूं। इसमें पूरी टीम शामिल है। शो भी एडवांस में बुक है और मैं नहीं चाहती कि मेरी वजह से किसी को भी परेशानी हो।

इन फिल्मों में केतकी ने किया काम
आपको बता दें कि केतकी दवे की उम्र 62 साल है। वह दिग्गज कलाकार सरिता जोशी की बेटी हैं। उन्होंने गुजराती स्टेज से अपने करियर की शुरुआत की थी। हालांकि उन्हें पहचान एकता कपूर के सीरियल ' क्योंकि सास भी कभी बहू थी' से मिली थी।

सीरियलों में दिखाया दमदार अभिनय
केतकी दवे ने कई हिंदी और गुजराती फिल्मों में भी काम किया। 'आमदनी अठन्नी खर्चा रुपइया', 'मनी है तो हनी है', 'कल हो न हो', 'हेलो! हम लल्लन बोल रहे हैं' जैसी हिंदी फिल्मों में वह नजर आई थीं। इसके अलावा वह 'नच बलिए 2', 'बिग बॉस 2', 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' और 'बेहनें' जैसे टीवी शोज में भी अपना दमदार अभिनय दिखा चुकी हैं।












Click it and Unblock the Notifications