KBC 14: अमिताभ ने मीराबाई चानू से क्यों कहा- 'आपने देश के लिए सोना ना जीता होता तो हम आपकी बात नहीं मानते'
नई दिल्ली, 02 सितंबर। सोनी टीवी के लोकप्रिय शो 'कौन बनेगा करोड़पति' का 14वां सीजन अपने पूरे शबाब पर है, लोग इसका भरपूर लुत्फ उठा रहे हैं। शो में जहां प्रतियोगीगण लोगों को प्रभावित कर रहे हैं और जमकर धनराशि जीत रहे हैं, वहीं दूसरी ओर शो के वीकेंड स्पेशल में आने वाले सेलिब्रेटी भी लोगों को मनोरंजित कर रहे हैं। इस हफ्ते हॉट सीट पर भारत की दो अभूतपूर्व प्रतिभाएं नजर आएंगी, जो कि शो के होस्ट और सदी के महानायक अमिताभ बच्चन संग काफी मस्ती भी करती नजर आएंगी।

'कौन बनेगा करोड़पति' का प्रोमो आउट
जी हां यहां बात हो रही है वेट लिफ्टर मीरा बाई चानू और बॉक्सर निखत जरीन की, जिन्होंने देश के लिए सोना जीतकर पूरे भारत को विश्वपटल पर इतराने का मौका दिया है। मालूम हो कि मीराबाई ने कॉमनवेल्थ गेम्स में और जरीन ने विश्व बॉक्सिंग चैंपियनशिप में देश के लिए स्वर्ण पदक जीता है।

अमिताभ बच्चन कुछ ऐसा कहते हैं...
शो को प्रोमो आउट हो गया है, जिसने लोगों को पूरी तरह से क्रेजी बना दिया है। शो के प्रोमो में चानू की डिमांड पर अमिताभ बच्चन कुछ ऐसा कहते हैं, जिसे सुनकर तो पहले हर कोई हैरान हो जाता है लेकिन फिर बहुत जोर-जोर से हंसता है।

'अगर आपने देश के लिए गोल्ड नहीं जीता होता ना तो...'
दरअसल चानू सदी के महानायक से कहती हैं कि वो उनके लिए फिल्म 'अग्निपथ' के अपने फेमस डॉयलॉग को बोल दें, जिस पर होस्ट अमिताभ पहले मुस्कुराते हुए कहते हैं कि 'अगर आपने देश के लिए गोल्ड नहीं जीता होता ना तो हम आपकी बात कभी नहीं मानते' , जिसे सुनने के बाद एक सेंकड के लिए चानू-निखत समेत स्टूडियो में मौजूद दर्शक चुप हो जाते हैं लेकिन जैसे ही उनकी नजर बच्चन के चेहरे पर पड़ती है, जो कि मुस्कुरा रहे होते हैं, तो सभी ताली बजाकर हंसने लगते हैं।

'मैं विजय दीनानाथ चौहान... '
और इसके बाद अमिताभ अपना फेमस संवाद बोलते हैं, जो कि लाजवाब होता है। पहले अमिताभ अपनी ही सीट पर थोड़ा सा टेढ़ा होकर बैठते हैं और फिर कहते हैं कि 'मैं विजय दीनानाथ चौहान, बाप का नाम दीनानाथ चौहान, गांव मांडवा, उम्र 36 साल 9 महीने 8 दिन और ये 16वां घंटा चालू है' इस डायलॉग को बोलने के बाद वो खुद भी जोर-जोर से हंसने लगते हैं और सभी लोग तालियां बजाकर उनका अभिवादन करते हैं।
देखते रहिए 'कौन बनेगा करोड़पति'
इसके साथ ही शो में और भी बहुत कुछ देखने को मिलेगा, जिसका लुत्फ उठाने के लिए सोनी पर रात नौ बजे देखते रहिए सोमवार से शुक्रवार अमिताभ बच्चन के साथ 'कौन बनेगा करोड़पति' का 14वां सीजन।












Click it and Unblock the Notifications