KBC 13: हॉट सीट पर बैठी कंटेस्टेंट्स से अमिताभ ने पूछा- 'अगर मैं आपको डेट पर ले जाऊं तो कैसा रहेगा?'
मुंबई, 29 सितंबर। सोनी टीवी के चर्चित शो 'कौन बनेगा करोड़पति 13' का रोमांच पूरे शबाब पर है। शो में आए नए-नए कंटेस्टेंट्स जहां हर रोज लोगों के सामने अपने बुद्धि कौशल का परिचय दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सदी के महानायक अमिताभ बच्चन का भी अनूठा अंदाज लोगों को लुभा रहा है। सोनी टीवी ने हाल ही में अपकमिंग शो का एक प्रोमो आउट किया है, जिसमें अमिताभ बच्चन हॉट सीट पर बैठी अविवाहित कंटेस्टेंट्स को डेट पर ले जाने की बात कह रहे हैं।

'अगर मैं आपको डेट पर ले जाऊं तो कैसा रहेगा?'
प्रोमो में दिख रहा है कि अमिताभ बच्चन के सामने हॉटसीट पर नैनीताल उत्तराखंड की शक्ति प्रभाकर बैठी हैं। वो पेशे से टीचर हैं, अमिताभ उनका परिचय देते हुए कहते हैं कि इनके परिवार वालों को बहुत कष्ट है क्योंकि ये ब्याह नहीं कर रही हैं। इसके बाद अमिताभ बच्चन कंटेस्टेंट्स शक्ति से पूछते हैं कि 'अगर मैं आपको डेट पर ले जाऊं तो कैसा रहेगा?'

'आज तक मैं कभी भी डेट पर नहीं गई ...'
जिस पर शक्ति मुस्कुराते हुए कहती हैं कि 'तब तो मुझे चूंटी काटनी पड़ेगी क्योंकि आज तक मैं कभी भी डेट पर नहीं गई और अब डायरेक्ट पूछ रहे हैं?' इसके बाद वहां मौजूद सभी लोग हंसने लगते हैं और बैकग्राउंड से 'दो लफ्जों की है' गीत का म्यूजिक बजता है। शो का प्रोमो वायरल हो रहा है। जिस पर लोग काफी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

'कौन बनेगा करोड़पति 13' का रोमांच शबाब पर
आपको बता दें कि 'कौन बनेगा करोड़पति 13' का पहला एपीसोड 23 अगस्त को प्रसारित हुआ था। और 31 अगस्त को, हिमानी बुडेला सीजन की पहली ₹1 करोड़पति बनी थीं।
'शानदार शुक्रवार '
हर बार की तरह अमिताभ बच्चन की मेजबानी लोगों के दिलों को लुभा रही है। शो में हर शुक्रवार को नए मेहमान भी दस्तक देते हैं। इस बार 'शानदार शुक्रवार में ' एक्टर पंकज त्रिपाठी और प्रतीक गांधी नजर आने वाले हैं, जो कि अमिताभ बच्चन संग काफी मस्ती करते भी नजर आएंगे।
प्रोमो सोनी टीवी ने रिलीज किया
इस एपीसोड का भी प्रोमो सोनी टीवी ने रिलीज कर दिया है, जिसने शो के प्रति लोगों की उत्सुकता बढ़ा दी है। बता दें कि पंकज त्रिपाठी और प्रतीक गांधी दोनों समाज सेवा से जुड़े हुए हैं, इसलिए वो शो में जितनी भी रकम जीतेंगे वो दोनों वो अपने-अपने एनजीओ को डोनेट कर देंगे।












Click it and Unblock the Notifications