KBC 13: हॉट सीट पर नजर आएंगे देश के रीयल हीरो नीरज-श्रीजेश, बिग बी कहेंगे- 'हिंदुस्तान जिंदाबाद'
मुंबई, 13 सितंबर। इन दिनों देश के बच्चे-बच्चे की जुबान पर ओलंपिक गोल्ड विजेता नीरज चोपड़ा और हॉकी के 'द वॉल' कहे जाने वाले खिलाड़ी पीआर श्रीजेश का ही नाम है। अगर देश के ये रीयल हीरो हॉट सीट पर सदी के महानायक अमिताभ बच्चन संग 'कौन बनेगा करोड़पति' खेलते नजर आएं तो जाहिर है हर किसी के दिल से केवल एक ही आवाज निकलेगी और वो होगी 'हिंदुस्तान जिंदाबाद' की। तो दोस्तों तैयार हो जाइए ये कहने के लिए क्योंकि ये संयोग होने जा रहा है केबीसी के 'शानदार शुक्रवार' सेगमेंट में, जिसका प्रोमो सोनी टीवी ने आउट कर दिया है।

हॉट सीट पर नजर आएंगे देश के रीयल हीरो नीरज-श्रीजेश
प्रोमो काफी रोचक है, प्रोमो की शुरुआत नीरज चोपड़ा के भाले से होती है और इसके बाद नीरज और श्रीजेश मुस्कुराते हुए लोगों के सामने आते हैं और इसके बाद जब अमिताभ बच्चन अपनी बुलंद आवाज में कहते हैं कि 'हिंदुस्तान जिंदाबाद'। तो रग-रग में जोश भर जाता है। कुल मिलाकर प्रोमो ने शो के प्रति फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी है।

क्या दोनों के ओलंपिक मेडल को छू सकते हैं?
आपको बता दें कि शो का प्रसारण आने वाले शुक्रवार को होगा। शो के दौरान नीरज और श्रीजेश अपने संघर्ष की कहानी अमिताभ संग साझा करेंगे और अपने ओलंपिक के अनुभव को भी लोगों से बताएंगे। प्रोमो में ये भी दिख रहा कि अमिताभ बच्चन नीरज चोपड़ा और श्रीजेश से ये पूछते हुए नजर आ रहे हैं कि, क्या वो दोनों के ओलंपिक मेडल को छू सकते हैं?

हरियाणवी भाषा भी नीरज से सीखेंगे Big B
यही नहीं बिग बी नीरज से हरियाणवी भाषा भी सीखने की कोशिश करेंगे। फिलहाल 'शानदार शुक्रवार' वाले एपीसोड का लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
'केबीसी 13' का रोमांच अपनी चरम सीमा पर
आपको बता दें कि 'केबीसी 13' का रोमांच अपनी चरम सीमा पर है, इस सीजन को पहली करोड़पति भी हिमानी बुंदेला के रूप में मिल चुकी हैं। इससे पहले 'शानदार शुक्रवार' के दो एपीसोड आ चुके हैं, जिसमें एक में क्रिकेट को दो महान धुरंधर सौरभ गांगुली और वीरेंद्र सहवाग और एक एपीसोड में दीपिका पादुकोण और फराह खान मेहमान बनकर आ चुके हैं। दोनों ही फ्राइडे वाले एपीसोड ने लोगों का काफी मनोरंजन किया है और इसी वजह से शो ने टीआरपी पर भी अपनी पकड़ बना रखी है।
लोगों की पहली पसंद बना हुआ है KBC
शो की लोकप्रियता में अमिताभ बच्चन का भी अहम योगदान है। कुल मिलाकर केबीसी का ये सीजन लोगों की पहली पसंद बना हुआ है और लोग जमकर इसका लुत्फ उठा रहे हैं। इस बार आप केबीसी को केवल हॉट सीट पर ही नही बल्कि घर बैठे भी खेल सकते हैं बस इसके लिए आपको सोनीलिव एप को डाउनलोड करना होगा और अगर पहले से ये आपके पास है तो उसे अपडेट करना होगा।












Click it and Unblock the Notifications