KBC 13: शो के पहले कंटेस्टेंट ज्ञान राज ने जीते 3.20 लाख, इस सवाल का दिया गलत जवाब
मुंबई, 24 अगस्त। सोमवार रात 9 बजे से सोनी टीवी पर 'कौन बनेगा करोड़पति' क्विज शो की धमाकेदार शुरुआत हो चुकी है। हर बार की तरह शो के होस्ट अमिताभ बच्चन ने अपनी मोहक संवाद अदायगी से हर किसी का मन मोह लिया। शो के पहले प्रतियोगी रहे रांची के ज्ञान राज , जिन्होंने 3 लाख 20 हजार रुपये ही जीते, हालांकि वो 11 सवालों का जवाब देकर 6 लाख 40 हजार की धनराशि जीत चुके थे लेकिन उन्होंने 12वें प्रश्न का गलत जवाब दिया इसलिए वो नीचे आ गए और तीन लाख 20 हजार पर उन्हें ही संतोष करना पड़ा।

इस सवाल का दिया गलत जवाब
आत्मकथात्मक पुस्तक 'बाबरनामा' किस भाषा में लिखी गई है?
- A- कारख़ानीद
- B- चागताई
- C-बश्किर
- D- उद्गुर
सही जवाब था- विकल्प B- चागताई
ज्ञानराज ने कहा-विकल्प D- उद्गुर (गलत जवाब)

कौन हैं ज्ञान राज?
अभूतपूर्व प्रतिभा के धनी ज्ञान राज मूल रूप से रांची के नगड़ी के रहने वाले हैँ। इन्होंने BIT मेसरा से कंप्यूटर इंजीनियरिग की थी। ये साल 2012 में 12वीं कक्षा में स्टेट टॉपर थे। ज्ञान राज को इसरो की तरफ से जॉब ऑफर आए थे लेकिन इन्होंने नौकरी करने के बजाय अपने गांव के बच्चों को शिक्षित करने का फैसला किया और उन्होंने बच्चों को साइंस की शिक्षा देनी शुरू की। किताबी ज्ञान से ज्यादा प्रैक्टिकल नॉलेज पर बल देने वाले ज्ञान राज अपनी जीत की रकम को अपने स्कूल के बच्चों की पढ़ाई पर लगाना चाहते हैं।

टीचर फार चेंज सम्मान से सम्मानित हैं ज्ञान राज
ज्ञान राज ने कहा कि उनकी पूरी कोशिश ये ही है कि उनके पढ़ाए बच्चे आगे चलकर लोगों को रोजगार मुहैया कराए और इसी वजह से उनका फोकस स्कूल और अपने छात्रों की पढ़ाई पर ही रहता है। इनकी अलग सोच और सुंदर कार्य के लिए ज्ञान राज को नीति आयोग के द्वारा टीचर फार चेंज सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है। यही नहीं ज्ञान राज का चयन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को परामर्श देने वाली टीम के लिए भी हुआ था। ज्ञान राज की बातें सुनकर अमिताभ बच्चन ने कहा कि 'गर्व है आप जैसे लोगों पर, आप बहुत अच्छा काम कर रहे हैं।'

क्या है इस बार प्रोमो की टैग लाइन?
इस बार शो की टैगलाइन है 'आपके सपने और आपके बीच केवल तीन शब्दों का अंतर है और वो तीन शब्द हैं कोशिश।'
केबीसी 13 को ऑनलाइन कैसे देखें?
लोग डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी इस क्विज शो देख सकते हैं। केबीसी 13 के लिए आपको सोनीलिव एप डाउनलोड करना होगा, जिससे आप घर बैठे ये खेल जीत सकते हैं। साथ ही आप इसे JioTV पर स्ट्रीम करके भी देख सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications