सैफ अली खान के बेटे 'इब्राहिम अली खान' को बॉलीवुड में लॉन्च कर सकते हैं करण जौहर, इस फिल्म से होगी शुरुआत
फिल्म 'हृदयम' के हिंदी रीमेक के लिए सैफ अली खान के बेटे इब्राहिम अली खान को लिया जा सकता है। करण जौहर पिछले कुछ समय से इब्राहिम अली खान को लॉन्च करने के लिए एक अच्छी फिल्म की तलाश कर रहे थे।
मुंबई, 31 मईः बॉलीवुड में स्टार किड्स को लॉन्च करने की जिम्मेदारी या तो करण जौहर निभाते हैं या फिर हिंदी सिनेमा के 'सुल्तान' यानी सलमान खान। ऐसे में इस बार ये जिम्मेदारी फिल्म मेकर करण जौहर संभालने जा रहे हैं। आपको बता दें कि इस साल की शुरुआत में यह बताया गया था कि करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शंस और फॉक्स स्टार स्टूडियोज ने मलयालम रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म 'हृदयम' के राइट्स हासिल कर लिए हैं। बताया जा रहा है कि करण जौहर इस फिल्म के साथ स्टार किड को लॉन्च करने की योजना बना रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म 'हृदयम' के हिंदी रीमेक के लिए सैफ अली खान के बेटे इब्राहिम अली खान को लिया जा सकता है। बॉलीवुड हंगामा की खबर के मुताबिक, करण जौहर पिछले कुछ समय से इब्राहिम अली खान को लॉन्च करने के लिए एक अच्छी फिल्म की तलाश कर रहे थे।

इब्राहिम अली खान को कर सकते हैं लॉन्च
खबर है कि करण जौहर ये मानते हैं कि फिल्म 'हृदयम' ही इब्राहिम अली खान के बॉलीवुड डेब्यू के लिए सबसे अच्छा प्रोजेक्ट साबित हो सकता है। पिछले कुछ समय से करण खुद इब्राहिम को हिंदी सिनेमा में लॉन्च करने के लिए एक बढ़िया फिल्म की तलाश कर रहे थे। करण जौहर को लगता है कि इब्राहिम पर ऐसा कैरेक्टर फिट बैठेगा, जो एक स्टूडेंट से एक मैच्योर इंसान बनने तक का सफर तय करता हो। वहीं मलयालम रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म 'हृदयम' के ऑरिजनल वर्जन में प्रणव मोहनलाल और कल्याणी प्रियदर्शन ने मुख्य भूमिका निभाई थी।
तमिल और तेलुगू में भी रीमेक बनाएंगे करण
करण जौहर ने इस साल की शुरुआत में खुद सोशल मीडिया पर ये घोषणा की थी कि वह न केवल हिंदी में बल्कि तमिल और तेलुगू में भी फिल्म 'हृदयम' का रीमेक बनाएंगे। फिलहाल करण के पास उनके बैनर धर्मा प्रोडक्शंस के तहत कई प्रोजेक्ट्स हैं। करण 'ब्रह्मास्त्र', 'योद्धा' और 'जुग जुग जीयो' जैसे प्रोजेक्ट्स पर ही काम कर रहे हैं। वह आलिया भट्ट और रणवीर सिंह की 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' फिल्म को लेकर भी बिजी हैं। यह फिल्म फरवरी 2023 में रिलीज होगी।
करण जौहर को असिस्ट कर रहे हैं इब्राहिम
बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान के बेटे इब्राहिम अली खान, अभी तक बड़े पर्दे पर नजर नहीं आए हैं। 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' फिल्म में इब्राहिम, करण जौहर को असिस्ट कर रहे हैं। अमृता सिंह के साथ सैफ अली खान के बड़े बेटे ने करण जौहर के साथ असिस्टेंट डायरेक्टर के रूप में काम करना शुरू किया है। आपको बता दें कि इस फिल्म में आलिया भट्ट, रणवीर सिंह, धर्मेंद्र, शबाना आजमी और जया बच्चननजर आएंगे। फिल्म में बंगाली एक्टर टोटा रॉय चौधरी और चुन्नी गांगुली भी दिखाई देंगे। साल 2016 की फिल्म 'ऐ दिल है मुश्किल' के बाद करण फिल्म 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' के साथ डायरेक्शन में वापसी कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications