पंजाब में पीएम मोदी का काफिला रोके जाने पर क्या बोलीं कंगना रनौत?
पंजाब में पीएम मोदी का काफिला रोके जाने पर क्या बोलीं कंगना रनौत?
मुंबई, 06 जनवरी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में चूक को लेकर सोशल मीडिया पर हर कोई अपनी राय दे रहा है। पीएम मोदी का पंजाब में काफिला रोके जाने पर बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत भड़क गई हैं। कंगना रनौत ने पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुरक्षा उल्लंघन पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। पीएम मोदी बुधवार (05 जनवरी) को पंजाब में एक रैली को संबोधित किए बिना लौट आए क्योंकि उनका काफिला हुसैनीवाला के पास एक सड़क नाकाबंदी में फंस गया था। सुरक्षा में चूक उस समय हुई जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सड़क मार्ग से बठिंडा से हुसैनीवाला में राष्ट्रीय शहीद स्मारक जा रहे थे। कंगना रनौत ने कहा है कि जो पंजाब में हुआ वो शर्मनाक है।

'PM मोदी पर हुआ हमला हर एक भारतीय पर हुआ हमला है...'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में हुई चूक को लेकर कंगना रनौत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर प्रतिक्रिया दी। कंगना रनौत ने लिखा, ''पंजाब में जो हुआ वह शर्मनाक है, माननीय प्रधानमंत्री (नरेंद्र मोदी) लोकतांत्रिक रूप से चुने गए नेता / प्रतिनिधि / 1.4 बिलियन लोगों की आवाज हैं, उन पर हमला हर एक भारतीय पर हमला है।''

कंगना बोलीं- 'पंजाब आतंकवादियों का गढ़ बनता जा रहा है...'
कंगना रनौत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काफिला रोके जाने को लोकतंत्र पर हमला बताया है। कंगना रनौत ने इंस्टा स्टोरी पर आगे लिखा है, ''ये हमला हमारे लोकतंत्र पर हुआ हमला है। पंजाब आतंकवादी गतिविधियों का गढ़ बनता जा रहा है, अगर हमने उन्हें अभी नहीं रोका तो देश को इसकी बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी #भारतस्टैंड्सविथमोदी।"

पंजाब में पीएम मोदी की सुरक्षा में कैसे हुई चूक?
पीएम मोदी की बुधवार (05 जनवरी) को पंजाब के फिरोजपुर में एक रैली थी। लेकिन गृह मंत्रालय ने कहा कि सुरक्षा में हुई चूक की वजह से पीएम नरेंद्र मोदी की ये रैली नहीं हुई। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पूरे मामले पर जानकारी देते हुए कहा, ''मौसम के खराब होने की वजह से पीएम का काफिला बठिंडा एयरपोर्ट से सड़क मार्ग से हुसैनीवाला में राष्ट्रीय शहीद स्मारक के लिए जा रहा था। शहीद स्मारक हुसैनीवाला से 30 किलोमीटर पहले पीएम का काफिला जैसे ही फ्लाईओवर पर पहुंचा तो कुछ प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर दी। यहां सड़क पर पीएम मोदी 15 से 20 मिनट तक फंसे रहे थे। ये पीएम मोदी की सुरक्षा में बड़ी चूक थी।''

कंगना के लिए PM मोदी हैं दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता
कंगना रनौत पीएम नरेंद्र मोदी की प्रबल अनुयायी रही हैं। पिछले साल उनके जन्मदिन पर पीएम मोदी की प्रशंसा करते हुए कंगना रनौत ने उन्हें "दुनिया का सबसे लोकप्रिय नेता" कहा था। कंगना ने कहा था कि पीएम मोदी किसी भी बाधा को दूर कर सकते हैं, उनके पास ये सब करने की क्षमता है। कंगना रनौत ने लिखा था, "आप दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता और हम में से हर एक के लिए एक आदर्श मॉडल हैं जो सपने देखने की हिम्मत करते हैं। बहुत बार जब हम एक सफल व्यक्ति को देखते हैं, तो हम केवल सार्वजनिक गौरव देखते हैं, व्यक्तिगत बलिदान या असफलता कभी नहीं देखते हैं। आपने ऐसी कई बाधाओं को पार किया है और कई बार अपने सबसे कठोर आलोचकों पर भी जीत हासिल की है।''

पीएम मोदी की तरह बनना चाहती हैं कंगना
कंगना रनौत ने कई बार कहा है कि वह पीएम मोदी की तरह ही तर्कहीन आलोचना के प्रति शांत और नियंत्रण रखने वाली बनना चाहती हैं। कंगना ने अपने एक इंटरव्यू में कहा था, "मैंने हमेशा माना है कि एक नागरिक को अपने नेता पर सवाल उठाने या आलोचना करने का अधिकार है। लेकिन पीएम मोदी न केवल हमेशा आम आदमी की बात सुनी है, बल्कि एक तर्कहीन जगह से आलोचना आने पर शांत और नियंत्रण में रहने की कला में भी महारत हासिल की है।। मुझे उम्मीद है कि किसी दिन मैं भी उस कला में महारत हासिल कर लूंगी।''












Click it and Unblock the Notifications