'कंगना रनौत की मानसिक हालत ठीक नहीं', ऋतिक रोशन ने भेजा था लीगल नोटिस, जानें क्या हुई थी बात
Kangana Ranaut Birthday: जनवरी 2016 में कंगना रनौत और ऋतिक रोशन के बीच विवाद शुरू हुआ था। ऋतिक रोशन के कहने पर कंगना रनौत को इस फिल्म से निकाल दिया गया था।

Kangana Ranaut Birthday: बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत इंडस्ट्री में न सिर्फ अपनी अच्छी एक्टिंग के लिए जानी जाती हैं बल्कि वह अपने विवादास्पद बयानों के लिए भी काफी मशहूर हैं। पिछले कुछ समय से कंगना रनौत देश-विदेश के हर मुद्दे पर अपनी बात रखती आ रही हैं। कंगना रनौत अपनी बयानबाजी के चलते सुर्खियों में छाई रहती हैं। बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक और हर प्रकार के देस-विदेश के मुद्दों पर कंगना रनौत बड़ी ही बेबाकी से अपनी बात कह जाती है। कभी तो वह कुछ खास लोगों की तारीफ करती नजर आती हैं तो कभी कभी वह इंडस्ट्री के कई लोगों पर तंज कसती भी दिखाई देती हैं। 'काइट्स' और 'कृष-3' फिल्मों में एकसाथ काम कर चुके बॉलीवुड के हैंडसम हीरो ऋतिक रोशन और कंगना रनौत की कथित प्रेम कहानी की खूब चर्चा हुई थी। आज कंगना रनौत का 36वां जन्मदिन है। आइए उनके जन्मदिन के इस खास मौके पर आपको कंगना रनौत और ऋतिक रोशन के बीच हुए विवाद के बारे में बताते हैं।

ऋतिक ने कंगना को फिल्म से निकाल दिया था
जनवरी 2016 में कंगना रनौत और ऋतिक रोशन के बीच विवाद शुरू हुआ था। ये विवाद कई साल तक सुर्खियों में छाया हुआ था। दरअसल खबर थी कि फिल्म 'आशिकी-3' को लेकर मेकर्स कुछ नया करना चाहते थे। ऐसे में इस फिल्म में कंगना रनौत और ऋतिक रोशन को कास्ट करने की बात सामने आ रही थी। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो ऋतिक रोशन के कहने पर कंगना रनौत को इस फिल्म से निकाल दिया गया था। इसके बाद मीडिया में हलचल हो गई कि कंगना और ऋतिक के बीच कुछ भी सही नहीं चल रहा है।

कंगना और ऋतिक के अफेयर की चर्चा
आपको बता दें कि फिल्म 'कृष-3' की शूटिंग के समय चारों तरफ ये बात फैली हुई थी कि कंगना रनौत और ऋतिक रोशन के बीच अफेयर चल रहा है। हालांकि ऋतिक रोशन शादीशुदा थे और उन्होंने इस बात को लेकर कभी कोई टिप्पणी नहीं की थी। वहीं नए प्रोजेक्ट से कंगना को बाहर कर देने के बाद एक इंटरव्यू में कंगना ने ऋतिक को सिली एक्स कहकर पुकारा था।

कंगना ने ऋतिक पर लगाया था आरोप
कंगना ने मीडिया के सामने कहा था- पूर्व बॉयफ्रेंड बहुत सारी मूर्खतापूर्ण चीजें करते हैं, ताकि उन्हें अटेंशन मिल सके, लेकिन वह इन सबसे बाहर निकल चुकी हैं। कंगना के इस इंटरव्यू के तुरंत बाद ही ऋतिक रोशन ने एक ट्वीट किया और लिखा- मेरी पोप से रोमांस करने की संभावना किसी भी शानदार महिला से ज्यादा है।

ऋतिक ने कंगना को भेजा था लीगल नोटिस
इस इंटरव्यू के बाद बॉलीवुड एक्टर ऋतिक रोशन ने कंगना रनौत को एक लीगल नोटिस भी भेजा था। इस नोटिस में ऋतिक रोशन ने कंगना रनौत से मांग की थी कि वह अपने अफेयर के दावे पर माफी मांगें। हालांकि कंगना ने साफ तौर पर माफी मांगने से इनकार कर दिया था क्योंकि उनका कहना था कि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं कहा है। ऐसे में दोनों के बीच का विवाद बढ़ता चला गया।

ऋतिक ने कहा- मुझे मेल भेजकर किया गया परेशान
ऋतिक रोशन के नोटिस में लिखा गया था कि कंगना ने उन्हें बहुत सारे ईमेल भेजे थे। हालांकि ऋतिक ने इन मेल्स को लंबे समय तक इग्नोर किया था और किसी भी मेल का कोई रिप्लाई नहीं किया था। हालांकि कंगना रनौत ने ऋतिक के इन आरोपों को खारिज कर दिया था और मीडिया के सामने बताया था कि ऋतिक रोशन ने उनसे बात करने के लिए एक अलग ईमेल आईडी बनाई थी।

कंगना ने ऋतिक के बारे में किया ये खुलासा
बाद में कंगना रनौत ने भी एक लीगल नोटिस अपने कथित बॉयफ्रेंड ऋतिक रोशन को भेजा था। इस नोटिस में लिखा गया था कि ऋतिक ने नई मेल आईडी इसलिए बनाई थी, ताकि सुजैन से तलाक के प्रॉसेस पर कोई असर न पड़े। कंगना ने नोटिस में ये भी बताया था कि वह मेल आईडी उन्हें खुद ऋतिक रोशन ने ही दी थी।

ऋतिक ने कहा- कंगना का मेंटल हेल्थ ठीक नहीं
दोनों के बीच का विवाद तब और ज्यादा बढ़ गया जब ऋतिक रोशन ने अपने लीगल नोटिस में कंगना रनौत के मानसिक रूप से बीमार होने का आरोप लगाया था। इस पर कंगना ने कैमरे के सामने कहा था कि ऋतिक रोशन खुद मानसिक समस्याओं के शिकार हैं। वह किसी को दुख पहुंचाने के लिए कुछ भी कर सकते हैं।

क्राइम इंटेलिजेंस यूनिट को ट्रांसफर किया गया केस
आपको बता दें कि ऋतिक रोशन के वकील की अपील के बाद मुंबई पुलिस की ओर से इस केस को क्राइम इंटेलिजेंस यूनिट को ट्रांसफर कर दिया गया था। केस को सीआईयू के पास ट्रांसफर किए जाने की खबर के बाद कंगना रनौत ने ऋतिक रोशन पर तंज कसते हुए ट्विटर पर लिखा था- आखिर कब तक तुम एक छोटे से अफेयर के लिए रोओगे। फिलहाल ये मामला थोड़ा शांत हुआ है लेकिन ऋतिक और कंगना के बीच मनमुटाव अब भी जारी है।












Click it and Unblock the Notifications