विवादित ट्वीट के बाद हुई गिरफ्तारी, अजय देवगन, आमिर खान और योगी आदित्यनाथ को भी लपेट चुके हैं केआरके
फिल्म क्रिटिक और एक्टर कमाल आर खान को मुंबई एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया गया है। लेकिन ऐसा पहली बार नहीं है, जब वे अपने विवादित ट्वीट्स को लेकर सुर्खियों में रहे हों।
मुंबई, 30 अगस्त: अपने विवादित बयानों को लेकर हमेशा सुर्खियों में रहने वाले केआरके पर गहरी गाज गिरी है। सेलिब्रिटी और बॉलीवुड फिल्मों को ट्रोल करने वाले केआरके का एक ट्वीट उन पर उस वक्त भारी पड़ गया, जब उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। दिवंगत अभिनेताओं ऋषि कपूर और इरफान खान को लेकर किया गया ये ट्वीट तेजी से वायरल हुआ था। केआरके को अंदाजा भी नहीं रहा होगा कि इस ट्वीट के चलते वे इतनी बुरी तरह से फंस सकते हैं। फिल्म क्रिटिक और एक्टर कमाल आर खान को मुंबई एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया गया है। ऐसा पहली बार नहीं है, जब वे अपने विवादित ट्वीट्स को लेकर सुर्खियों में रहे हों। इससे पहले भी बड़े-बड़े सितारों को क्रिटिसाइज करने और उन्हें ट्रोल करने में केआरके ने कोई कसर नहीं छोड़ी है। हद तो उस वक्त हो गई, जब उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ को लेकर बड़ा बयान तक दे डाला।
Recommended Video

करण जौहर पर कसा तंज
इससे पहले विजय देवरकोंडा और अनन्या पांडे की फिल्म 'लाइगर' के फ्लॉप होने पर भी केआरके का ट्वीट खूब वायरल हुआ था। ऐसे में केआरके ने करण जौहर को भी खूब ट्रोल किया। अपने ट्वीट में उन्होंने लिखा कि भाई करण जौहर, मैंने आपकी फिल्म 'लाइगर' देखने में 1 हजार खर्च किए और बदले में टॉर्चर मिला। तो क्या तुम मुझे पैसे लौटा सकते हो?

अजय देवगन ने लगाए थे आरोप
बात साल 2016 की है, जब शिवाय फिल्म को बुरी तरह से ट्रोल करने के बाद केआरके पर पैसे तक लेने के आरोप लगे थे। उस वक्त अजय देवगन ने केआरके पर आरोप लगाते हुए एक कॉल रिकॉर्डिंग तक शेयर की थी। इसमें शिवाय के को प्रोड्यूसर और केआरके के बीच बातचीत भी हुई थी।

सीएम योगी पर बोली ये बात
सिनेमा तो सिनेमा लेकिन ट्रोल करने के मामले में केआरके ने सीएम योगी आदित्यनाथ को भी नहीं छोड़ा। उन्होंने साल 2022 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कहा था कि अगर योगी जी की हार नहीं हुई तो मैं कभी इंडिया वापस नहीं आऊंगा। जय बजरंगबली। योगी की जीत के बाद ट्वीट को लेकर केआरके का खूब मजाक उड़ा था।

क्यों हुई है गिरफ्तारी?
बात साल 2020 की है, जब केआरके ने दिवंगत बॉलीवुड अभिनेताओं ऋषि कपूर और इरफान खान को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। दोनों का जब निधन हुआ तो केआरके ने लिखा, मैं गंभीर होकर ये बात करना चाहता हूं कि मैंने कुछ दिन पहले ही कहा था कि कोरोना तब तक नहीं जाएगा, जब तक कुछ फेमस लोगों को अपने साथ नहीं ले जाता।

बेबाक हैं केआरके
केआरके अपने विवादित ट्वीट्स को लेकर खूब सुर्खियों में रहते हैं। हमेशा किसी ना किसी फिल्म या फिर एक्टर्स को लेकर केआरके कुछ ना कुछ कहते ही हैं। अपने बेबाक अंदाज से जिस कदर वे बॉलीवुड पर निशाना साधते हैं, जनता को बड़ा ही पसंद आता है। लेकिन इस दफा उनका ही एक ट्वीट मुसीबत बनता दिख रहा है।












Click it and Unblock the Notifications