Happy Birthday Raj Babbar: शादीशुदा होने के बावजूद इस मशहूर एक्ट्रेस को दिल दे बैठे थे राज बब्बर
अभिनेता राज बब्बर आज अपना 70वां जन्मदिन मना रहे हैं। एक्टर फिल्मों के साथ साथ अपनी लव लाइफ को लेकर भी खूब चर्चा में रहे हैं।
मुंबई, 23 जून: इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेता राज बब्बर आज अपना 70वां जन्मदिन मना रहे हैं। 23 जून 1952 को उत्तर प्रदेश के टुंडला में पैदा हुए राज बब्बर को बचपन से ही एक्टिंग का शौक था। अपने इस शौक को एक्टर ने अपना करियर बनाया। अपने जीवन में राज बब्बर ने तमाम तरह के उतार-चढ़ाव झेले हैं। राज बब्बर की जब भी बात होती है, तो दिग्गज अभिनेत्री स्मिता पाटिल की चर्चा भी जरूर होती है। इसका कारण 80 के दशक में दोनों का परवान चढ़ता प्यार और लिव इन में रहने का फैसला लेना था। आज एक्टर के जन्मदिन के मौके पर आइये जानते हैं उनके जीवन से जुड़ी कुछ रोचक बातें..

स्मिता को दिल दे बैठे एक्टर
राज बब्बर फिल्मों के साथ-साथ अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी खूब सुर्खियों में रहे थे। दरअसल शादीशुदा होने के बाद भी वे बॉलीवुड अभिनेत्री स्मिता पाटिल संग प्यार कर बैठे। दोनों ने भीगी पलकें फिल्म में साथ काम किया था। इसके बाद दोनों के रिश्ते के चर्चे हर तरफ होने लगे। स्मिता संग रिश्ते के दौरान राज बब्बर के 2 बच्चे भी थे।

किस्मत को कुछ और था मंजूर
इसके बाद राज बब्बर ने स्मिता पाटिल से शादी करने का फैसला ले लिया। स्मिता और राज बब्बर काफी समय तक लिव इन में भी रहे थे। लेकिन शायद किस्मत को ये मंजूर नहीं था और 13 दिसंबर 1986 को स्मिता पाटिल की अचानक मृत्यु हो गई। स्मिता की मौत के बाद राज बब्बर अपनी पहली पत्नी के पास वापस लौट आए।

राज-स्मिता के बेटे हैं प्रतीक
बता दें कि राज बब्बर के तीन बच्चे हैं। एक्टर प्रतीक बब्बर की मां स्मिता पाटिल हैं। वहीं जूही और आर्या बब्बर नादिरा के बच्चे हैं। राज बब्बर के बेटे प्रतीक बब्बर पेशे से एक्टर हैं हालांकि, प्रतीक बॉलीवुड में वो मुकाम तो हासिल नहीं कर सके, जिसकी उनसे उम्मीदें थीं।

एक्टर का फिल्मी सफर
एक्टर राज बब्बर ने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा से अभिनय की बारीकियां सीखीं। उनकी पहली फिल्म 'किस्सा कुर्सी का' थी। इसके बाद फिल्म 'इंसाफ का तराजू' में उन्हें नेगेटिव रोल मिला, जिसमें विलेन के रूप में उन्होंने अपनी दमदार एक्टिंग का लोहा मनवाया। इसके बाद उन्होंने 'प्रेम' 'गीत', 'निकाह', 'उमराव जान', 'अगर तुम न होते', 'हकीकत', 'जिद्दी' और 'दलाल' जैसी शानदार फिल्में दीं।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं राज बब्बर
राज बब्बर फिल्मों के अलावा अपने राजनीतिक सफर के लिए काफी चर्चा में रहे हैं। एक्टर लंबे वक्त तक एसपी के स्टार रहे थे। हालांकि, बाद में मनमुटाव के चलते उन्होंने एसपी का दामन छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया। इसके बाद वे उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रेसिडेंट भी रहे। 2019 में हुए लोकसभा चुनावों में कांग्रेस की हार के बाद एक्टर राज बब्बर ने पार्टी अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया।












Click it and Unblock the Notifications