'मुझे नहीं मालूम मेरा बेटा आर्थिक तंगी...; 'सोढ़ी' के पिता ने बयां किया दर्द, बेटे का कर रहे बेसब्री से इंतजार
Gurucharan Singh Missing Update: मशहूर टीवी सीरियल तारक मेहता का उल्टा चश्मा के 'सोढ़ी' यानी गुरुचरण सिंह 22 अप्रैल से लापता हैं और पुलिस को अब तक जानकारी नहीं मिल पाई कि आखिर एक्टर इस वक्त कहां हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दावा किया जा रहा है कि एक्टर आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे। वहीं इस पर अब उनके पिता का रिएक्शन सामने आया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, गुरुचरण सिंह लंबे समय से आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे और उन्हें काफी सारे कर्जे चुकाने थे। लेकिन इस बारे में एक्टर के पिता से पूछा गया तो उन्होंने साफ कहा कि वह इस बात से अनजान थे। उन्हें नहीं मालूम था कि एक्टर आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं।

बॉम्बे टाइम्स को दिए इंटरव्यू में गुरुचरण सिंह के पिता ने उनकी आर्थिक स्थिति पर बात की और कहा कि, 'मुझे कोई जानकारी नहीं थी। मेरे बेटे की आर्थिक स्थिति के बारे में उन्होंने मुझे कभी कुछ नहीं बताया। इसलिए मुझे इस सब के बारे में पता नहीं है। मुझे यकीन है कि अगर पुलिस को कुछ मिला है, तो वे मुझे सूचित करेंगे।'
गुरुचरण सिंह के पिता ने आगे कहा कि, 'मेरी उम्र ऐसी है कि मेरी तबीयत ठीक नहीं रहती है। अब कई दिन हो गए हैं और इस मामले पर कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं आई है। हम बस उसके वापस आने का इंतजार कर रहे हैं।' इससे पहले उन्होंने बताया था कि एक्टर के लापता होने के बाद से पूरा परिवार काफी परेशान है और वह पुलिस से मिले अपडेट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
बता दें कि, 22 अप्रैल की रात को गुरुचरण सिंह की दिल्ली से मुंबई की फ्लाइट थी। एक्टर उस रात घर से निकले थे लेकिन वह एयरपोर्ट नहीं पहुंचे और ना ही एक्टर घर वापस लौटे। इसके बाद उनके पिता ने पुलिस को जानकारी दी और लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। हालांकि इस मामले को 2 हफ्ते से ज्यादा हो चुका है लेकिन एक्टर फिलहाल किस हाल में हैं इसको लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है।












Click it and Unblock the Notifications