Grammy Awards 2026: दलाई लामा को किस कैटेगरी में मिला पहला अवॉर्ड? जानिए उनका गाना
संगीत जगत के सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कार ग्रैमी अवॉर्ड्स 2026 में इस बार एक ऐतिहासिक पल देखने को मिला, जब 90 वर्षीय आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा ने अपना पहला ग्रैमी पुरस्कार जीता। उन्हें ग्रैमी के 68वें संस्करण में 'बेस्ट ऑडियो बुक, नैरेशन और स्टोरीटेलिंग रिकॉर्डिंग' कैटेगरी में सम्मानित किया गया। यह अवॉर्ड उनके एल्बम 'मेडिटेशन: द रिफ्लेक्शंस ऑफ हिज होलीनेस द दलाई लामा' के लिए दिया गया।

उपलब्धियों में जुड़ा नया अध्याय
नोबेल शांति पुरस्कार सहित दुनिया के कई बड़े सम्मानों से पहले ही नवाजे जा चुके दलाई लामा के लिए यह ग्रैमी अवॉर्ड एक नया अध्याय जोड़ता है। आध्यात्मिक शिक्षाओं, शांति और करुणा के संदेश के लिए पहचाने जाने वाले दलाई लामा ने ऑडियो माध्यम के जरिए भी लोगों को गहराई से प्रभावित किया है, जिसे अब वैश्विक मंच पर मान्यता मिली है।
मनोरंजन जगत से पुराना रिश्ता
दलाई लामा का संबंध सिर्फ आध्यात्मिक दुनिया तक सीमित नहीं रहा है। वे पहले भी कई फिल्मों और डॉक्यूमेंट्रीज़ का हिस्सा रह चुके हैं। उनके जीवन, दर्शन और तिब्बत की कहानी पर आधारित कई अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स बने हैं, जिसने उनकी बहुआयामी छवि को और मजबूत किया है।
भारत को इस बार नहीं मिला ग्रैमी
ग्रैमी 2026 में भारत के लिए यह साल निराशाजनक रहा। कई भारतीय कलाकार नामांकन पाने के बावजूद पुरस्कार जीतने में सफल नहीं हो सके। सितार वादक अनुष्का शंकर को उनके प्रोजेक्ट 'डेब्रेक' के लिए नामांकन मिला था, वहीं शंकर महादेवन का फ्यूजन बैंड 'शक्ति', जिसमें सिद्धांत भाटिया भी शामिल हैं, और संगीतकार चारू सूरी भी दौड़ में थे। हालांकि, इस बार किसी को जीत नसीब नहीं हुई। अनुष्का शंकर कार्यक्रम में मौजूद भी नहीं थीं।
इंटरनेशनल सितारों का दबदबा
ग्रैमी 2026 में अंतरराष्ट्रीय कलाकारों का दबदबा साफ दिखा। केंड्रिक लैमर ने 9 नामांकनों में से 3 पुरस्कार अपने नाम किए, जबकि लेडी गागा 7 नामांकनों के साथ दूसरे सबसे ज्यादा नामांकन पाने वाली कलाकार रहीं और उन्होंने भी दमदार मौजूदगी दर्ज कराई।
हॉलीवुड में दलाई लामा की कहानी
दलाई लामा के जीवन पर हॉलीवुड में भी कई अहम फिल्में बनी हैं। साल 1997 में मार्टिन स्कॉर्सेसी ने फिल्म 'कुंदन' बनाई, जिसे ऑस्कर में 4 नामांकन मिले। इसी साल रिलीज हुई ब्रैड पिट की फिल्म '7 ईयर्स इन तिब्बत' को भी काफी सराहा गया, जिसमें अभिनेता डैनी डेन्जोंगपा नजर आए थे। बाद में 'दलाई लामा अवेकनिंग' (2014) और 'विसडम ऑफ हैप्पीनेस' (2024) जैसी डॉक्यूमेंट्रीज़ ने उनके जीवन और विचारों को दुनिया के सामने रखा।












Click it and Unblock the Notifications