Friendship Day 2025: दोस्ती की सच्ची मिसाल पेश करती हैं बॉलीवुड की ये 5 फिल्में, आज ही देख लें
Friendship Day 2025: फ्रेंडशिप डे हर किसी के दिल के बेहद करीब होता है। चाहे कितनी भी व्यस्तता हो, इस दिन पुराने दोस्त जरूर याद आते हैं। दोस्ती एक ऐसा रिश्ता है जो बिना किसी स्वार्थ के निभाया जाता है।
3 अगस्त 2025 को फ्रेंडशिप डे मनाया जा रहा है
आज यानी 3 अगस्त 2025 को फ्रेंडशिप डे मनाया जा रहा है। ये खास दिन हर साल अगस्त महीने के पहले संडे को मनाया जाता है। इसी दिन सभी दोस्त मिलकर इन्जॉय करते हैं। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि असली दोस्ती कैसी होती है?

दोस्ती के ऐसे रंग दिखाती हैं ये फिल्में
इस सवाल का जवाब आपको बॉलीवुड की कुछ चुनिंदा फिल्मों में जरूर मिल जाएगा। कुछ फिल्में दोस्ती के ऐसे रंग दिखाती हैं, जिन्हें देखकर हर कोई कह उठता है- यार, ये तो मेरी कहानी है।
फ्रेंडशिप डे पर दोस्तों के साथ मिलकर देखें ये फिल्में
इस बार फ्रेंडशिप डे पर अगर आप अपने दोस्तों से दूर हैं, तो कुछ खास फिल्में जरूर देखें और उन्हें याद करें। इसके अलावा अगर आप इस खास दिन पर अपने दोस्तों के साथ हैं, तो मिलकर ये फिल्में देखना न भूलें, क्योंकि सच्ची यारी सिर्फ फिल्मों में नहीं, असल जिंदगी में भी उतनी ही कीमती होती है।
1. दिल चाहता है (2001)
अगर आपने अब तक फिल्म दिल चाहता है नहीं देखी है, तो इस फ्रेंडशिप डे पर इसे जरूर देखें। तीन दोस्तों की कहानी जो कॉलेज से निकलकर जिंदगी के अलग-अलग मोड़ पर आ जाते हैं। करियर, प्यार, परिवार, सबके बीच उनकी दोस्ती की डोर खिंचती भी है और कभी-कभी टूटती भी दिखती है। लेकिन अंत में वही पुरानी यारी फिर लौट आती है। दोस्ती में ईगो नहीं चलता, यही इस फिल्म का असली मैसेज है। ये फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है।
2. जाने तू या जाने ना (2008)
बचपन की दोस्ती और उसमें छिपा सच्चा प्यार 'जाने तू या जाने ना' फिल्म की कहानी है। इस फिल्म में इमरान खान और जेनेलिया डिसूजा की जोड़ी काफी खूबसूरत लगती है। फिल्म में दिखाया गया है कि दो बेस्ट फ्रेंड्स जो खुद को कपल नहीं मानते, लेकिन एक-दूसरे के बिना अधूरे हैं। जब जिंदगी उन्हें दूर करती है, तब एहसास होता है कि सच्चा प्यार तो सामने ही था। इस फिल्म की मासूमियत और सादगी आपको अपनी यारी की याद दिला देगी। इसे भी आप नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं।
3. सोनू के टीटू की स्वीटी (2018)
फिल्म 'सोनू के टीटू की स्वीटी' में दिखाई गई बचपन की दोस्ती आज भी लोगों के दिलों में बसी हुई है। इस फिल्म में एक लड़की इस दोस्ती में दरार डालने की कोशिश करती है।लेकिन जब बात दोस्त और प्यार के बीच चुनाव की आती है, तो टीटू अपने दोस्त सोनू को चुनता है। ये फिल्म दिखाती है कि एक सच्चा दोस्त कभी स्वार्थी नहीं होता, बल्कि दोस्ती की खातिर सब कुछ छोड़ सकता है। इस फिल्म को आप अमेजन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं।
4. वीरे दी वेडिंग (2018)
बॉलीवुड में अक्सर लड़कों की दोस्ती पर फिल्में बनी हैं, लेकिन 'वीरे दी वेडिंग' चार लड़कियों की गहरी दोस्ती को दिखाती है। ये चारों अलग-अलग सोच और जीवनशैली की हैं, फिर भी एक-दूसरे के लिए हमेशा खड़ी रहती हैं। मुसीबत हो या खुशी, एक कॉल पर हाजिर हो जाना ही असली यारी होती है, यही संदेश ये फिल्म देती है। इस फिल्म को आप नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं।
5. संजू (2018)
अगर आप सच्ची दोस्ती की गहराई महसूस करना चाहते हैं, तो 'संजू' फिल्म में कमली और संजय दत्त की दोस्ती को जरूर देखें। कमली का किरदार ये दिखाता है कि एक अच्छा दोस्त केवल अच्छे वक्त में नहीं, बुरे समय में भी साथ देता है। जब पूरी दुनिया पीठ मोड़ ले, तब अगर कोई खड़ा रहता है, तो वो है सच्चा यार। फिल्म आपको भावुक कर सकती है। ये फिल्म नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है।












Click it and Unblock the Notifications