विवेक ओबेरॉय के साथ हुई करोड़ों की ठगी, पुलिस में दर्ज करवाई FIR, बिजनेस पार्टनर्स पर धोखाधड़ी का आरोप
Vivek Oberoi Fraud Case: बॉलीवुड एक्टर विवेक ओबेरॉय को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो विवेक ओबेरॉय के साथ कथित तौर पर 1.55 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी हो गई है। इस मामले में एक्टर ने पुलिस थाने में अपने तीन बिजनेस पार्टनर्स के खिलाफ धोखाधड़ी और ठगी का मामला दर्ज करवाया है। इस मामले में विवेक ओबेरॉय का कहना है कि उनके धोखेबाज बिजनेस पार्टनर्स ने उनसे अच्छे प्रॉफिट का वादा कर एक इवेंट कंपनी और फिल्म प्रोडक्शन फर्म में पैसा इन्वेस्ट करवाया था। लेकिन बाद में आरोपी व्यक्तियों ने पैसे का इस्तेमाल गलत तरीके से किया। फिलहाल मुंबई की एमआईडीसी पुलिस मामले की जांच में जुट चकी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार विवेक ओबेरॉय की कंपनी 'ओबेरॉय मेगा एंटरटेनमेंट एलएलपी' ने चार्टर्ड अकाउंटेंट देवेन बाफना को आनंदिता एंटरटेनमेंट एलएलपी के पार्टनर्स संजय शाह, नंदिता शाह, राधिका नंदा और अन्य के खिलाफ उनकी ओर से केस लड़ने के लिए कहा है। आपको बता दें कि विवेक ओबेरॉय और उनकी पत्नी प्रियंका ने अप्रैल 2017 में 'ओबेरॉय ऑर्गेनिक एलएलपी' की शुरुआत की थी, जो ऑर्गेनिक प्रोडक्ट्स की खरीद और बिक्री करती है। लेकिन बाजार में ऑर्गेनिक प्रोडक्ट्स की कम डिमांड को देखते हुए वह लोग करीब तीन साल बाद इस कंपनी को बंद करने का फैसला कर रहे थे।

साल 2020 में बनाई थी नई कंपनी
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, इस दौरान कथित तौर पर विवेक ओबेरॉय का संपर्क संजय शाह के साथ हुआ था। वह एक इवेंट मैनेजर के तौर पर काम करते थे। साथ ही एक प्रोडक्शन हाउस के साथ भी जुड़े हुए थे। इवेंट और फिल्मों से जुड़े उनके अनुभव को देखते हुए विवेक ओबेरॉय ने फिल्म इंडस्ट्री में कार्यक्रम आयोजित करने के बिजनेस को खड़ा करने के लिए संजय शाह को अपना पार्टनर बना लिया था। फरवरी 2020 में विवेक ओबेरॉय और संजय शाह ने इस बिजनेस डील पर चर्चा करने के लिए मुंबई के अंधेरी इलाके के एक फाइव स्टार होटल में मुलाकात भी की थी और कई शर्तों पर दोनों की सहमति बनी थी।
ऑर्गेनिक कंपनी का नाम हुआ आनंदिता एंटरटेनमेंट
पुलिस के पास दर्ज एफआईआर के मुताबिक सितंबर 2020 में बिजनेस डील को ध्यान में रखते हुए ओबेरॉय ऑर्गेनिक एलएलपी के नाम को बदलकर आनंदिता एंटरटेनमेंट एलएलपी कर दिया गया था। इस नए बिजनेस का काम मुंबई में इवेंट आयोजित करना और फिल्में प्रोड्यूस करना था। आनंदिता एंटरटेनमेंट एलएलपी में पार्टनर के तौर पर संजय शाह के साथ उनकी मां का नाम भी जोड़ा गया था। कुछ दिनों बाद संजय की परिचित राधिका का नाम भी इस फर्म में बतौर पार्टनर के रूप में जोड़ा गया था।
फिल्म में काम करने वाले थे नवाजुद्दीन सिद्दीकी
पुलिस ने बताया कि नवंबर 2021 तक विवेक ओबेरॉय ने आनंदिता एंटरटेनमेंट एलएलपी में 95.72 लाख रुपये का इन्वेस्टमेंट किया था। वहीं फरवरी 2021 में संजय शाह और विवेक ओबेरॉय ने फिल्म 'गणशे' को प्रोड्यूस करने का फैसला किया था जिसके लिए नवाजुद्दीन सिद्दीकी को साइन किया गया था। इस फिल्म के लिए नवाजुद्दीन को उस समय 51 लाख रुपये दिए गए थे। डायरेक्टर और राइटर ने भी फिल्म पर काम शुरू कर दिया था। उन्हें फीस भी दे दी गई थी। पुलिस ने बताया कि विवेक ओबेरॉय और संजय शाह फिल्म की रिलीज के लिए ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 के साथ बातचीत भी कर रहे थे।
बिजनेस पार्टनर्स ने की करोड़ों की ठगी
इस बीच साल 2022 की शुरुआत में, विवेक ओबेरॉय ने जब अपना इन्वेस्टमेंट डिटेल चेक किया तो पाया कि संजय शाह ने फर्म में लगाए गए पैसे को बर्बाद किया है। जब विवेक ओबेरॉय ने फर्म की मैनेजर से बात की तो उन्होंने भी इस बात की पुष्टि की। एफआईआर में कहा गया है कि विवेक ओबेरॉय ने अपने सीए को काम पर लगाया और पता चला कि संजय, नंदिता और राधिका तीनों ने मिलकर फर्म के 58.56 लाख रुपए से इंश्योरेंस की पेमेंट, ज्वैलरी खरीदने, हाउसहोल्ड वर्कर्स को सैलरी देने जैसे पर्सनल खर्चें किए हैं।
पुलिस में दर्ज की गई शिकायत
पुलिस शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संजय और अन्य आरोपियों ने कथित तौर पर 60 लाख रुपये की रकम अपने कब्जे में ले ली है जो विवेक ओबेरॉय और उनकी कंपनी को विभिन्न कार्यक्रमों में गेस्ट के रूप में शामिल के लिए फीस के तौर पर मिली थी। इसके बाद ही विवेक ओबेरॉय ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाने का फैसला किया है।












Click it and Unblock the Notifications