कपिल शर्मा के नाम पर हो रहा है Fraud, शो में एंट्री के लिए मांगे जा रहे हैं 5000 रुपए, जानें क्या है मामला
The Kapil Sharma Show: देश-विदेश में फेमस कॉमेडियन कपिल शर्मा और उनका शो 'द कपिल शर्मा शो' काफी पॉपुलर है। इस शो की लोकप्रियता चारों तरफ फैली हुई है। लेकिन इस समय इस कॉमेडी शो के बारे में एक बड़ी खबर सामने आ रही है। कुछ धोखेबाज लोग कपिल शर्मा और उनके कॉमेडी शो के नाम का इस्तेमाल करके उनके दर्शकों को बेवकूफ बनाने की कोशिश में लगे हुए हैं। खबर है कि हैदराबाद के एक शख्स ने कपिल शर्मा को एक ऑनलाइन विज्ञापन के बारे में पोस्ट करके बताया है, जिसमें ''द कपिल शर्मा शो के टिकट बेचने का दावा किया जा रहा है।
'द कपिल शर्मा शो' के लिए लोगों से मांगे जा रहे हैं पैसे
सोशल मीडिया पर ऑनलाइन विज्ञापन देखने के बाद कपिल शर्मा के एक फैन ने कॉमेडियन को वो विज्ञापन भेजा और पूछा- कपिल शर्मा सर, कृपया बताएं कि क्या ये एड सच है क्योंकि हम हैदराबाद के रहने वाले लोग आपके बहुत बड़े फैन हैं और आपको लाइव परफॉर्म करते देखना चाहते हैं। इसके लिए हम मुंबई आना चाहते हैं लेकिन इस विज्ञापन को देखकर हम हैरान हैं। इसमें शो का लाइव ऑडियंस बनने के लिए 4999 रुपए मांगे जा रहे हैं।

कपिल शर्मा ने दर्शकों को बताया सच
इसके बाद कॉमेडी शो के होस्ट कपिल शर्मा ने अपने फैन के उस ट्वीट को देखा और उन्हें जवाब दिया- सर ये एक धोखाधड़ी है... हम अपने दर्शकों से लाइव शूट देखने के लिए कभी भी एक पैसा नहीं लेते हैं। कृपया इस तरह के धोखेबाज लोगों से सावधान रहें, किसी के झांसे में न आएं....धन्यवाद।
जुलाई 2023 में ऑफ एयर हो गया था शो
आपको बता दें कि 'द कपिल शर्मा शो' का चौथा सीजन सितंबर 2022 में शुरू हुआ था और ये जुलाई 2023 को ऑफ एयर हो गया था। फिलहाल 'द कपिल शर्मा शो' को रिएलिटी शो 'इंडियाज गॉट टैलेंट' से रिप्लेस कर दिया गया है। फैंस इसके नए सीजन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। हालांकि अभी कोई जानकारी नहीं है कि 'द कपिल शर्मा शो' दोबारा कब शुरू होगा।
अमेरिका में कपिल शर्मा कर रहे हैं लाइव शो
वहीं कपिल शर्मा पिछले कुछ समय से अपनी पूरी टीम के साथ अमेरिका के विभिन्न जगहों पर लाइव शो कर रहे है। इन लाइव शोज के ग्रैंड फिनाले से पहले, कपिल शर्मा ने अपने शूट से कुछ फोटोज शेयर की हैं और इसे सीजन का 'आखिरी फोटोशूट' बताया है।












Click it and Unblock the Notifications