'पुष्पा' फेम एक्टर अल्लू अर्जुन के खिलाफ दर्ज हुई FIR, विज्ञापन में गलत जानकारी देने का आरोप
एक सोशल एक्टिविस्ट ने अंबरपेट पुलिस स्टेशन में अल्लू अर्जुन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है और भ्रामक विज्ञापनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग भी की है।
मुंबई, 11 जूनः साउथ फिल्मों के शानदार एक्टर अल्लू अर्जुन इस साल की शुरुआत में ही फिल्म 'पुष्पा' के रिलीज होने के बाद लोगों के सबसे चहीते मेगास्टार बन गए थे। फिल्म 'पुष्पा' से दुनियाभर में आंधी लाने वाले तेलुगू सुपरस्टार अल्लू अर्जुन फिलहाल बड़ी मुश्किलों में फंसते दिखाई दे रहे हैं। खबर है कि उनके खिलाफ एक एफआईआर दर्ज की गई है। अल्लू अर्जुन पर आरोप है कि उन्होंने एक विज्ञापन में भ्रामक और गलत जानकारियां दी हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक कोठा उपेंद्र रेड्डी नाम के एक सोशल एक्टिविस्ट ने दावा किया है कि अल्लू अर्जुन एक शिक्षण संस्थान के विज्ञापन में नजर आ रहे हैं। इस विज्ञापन में उन्होंने भ्रामक और गलत जानकारियां दी हैं। कोठा उपेंद्र रेड्डी का दावा है कि विज्ञापन पर अल्लू अर्जुन का चेहरा इस्तेमाल किया गया था। अल्लू अर्जुन ने 6 जून को इस विज्ञापन को प्रमोट किया था।

शिक्षण संस्थान का विज्ञापन पड़ा महंगा
सोशल एक्टिविस्ट ने अंबरपेट पुलिस स्टेशन में अल्लू अर्जुन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है और ऐसे भ्रामक विज्ञापनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग भी की है। जानकारी के अनुसार रिपोर्ट में श्री चैतन्य एजुकेशनल इंस्टिट्यूशन्स के खिलाफ भ्रामक विज्ञापन का मामला दर्ज करवाया है जबकि अल्लू अर्जुन के खिलाफ उस विज्ञापन का हिस्सा बनकर झूठ को फैलाने का आरोप लगाया गया है। आपको बता दें कि इससे पहले भी अल्लू अर्जुन एक फूड डिलिवरी एप का विज्ञापन करने के लिए विवादों में आ चुके हैं। इसके अलावा एक विज्ञापन में सरकारी ट्रांसिट सर्विसेस को गलत बताकर बाइक ऐप को बढ़ावा देने के मामले में भी वो विवादों में घिर चुके हैं।
पुष्पा के दूसरे पार्ट की शुरू होगी शूटिंग
एक्टर अल्लू अर्जुन इसी साल अपनी फिल्म 'पुष्पा द राइज' के कारण सुर्खियों में छाए हुए थे। ये फिल्म बेहद बड़ी हिट साबित हुई थी और फिल्म में उनके स्टाइल और डायलॉग को लोगों ने खूब कॉपी किया। सोशल मीडिया पर भी अल्लू अर्जुन जमकर छा गए। अब जल्द ही वह इस फिल्म के दूसरे पार्ट पुष्पा द रूल की शूटिंग करते नजर आएंगे। इसके अलावा वह वेणु श्रीराम की फिल्म आइकॉन में नजर आने वाले हैं। वहीं अल्लू अर्जुन, जल्द ही कोराटला सिवा, एआर मुरुगादोस, बोयापाति श्रीनु और प्रशांत नील की फिल्मों में भी काम करते दिखाई देंगे।












Click it and Unblock the Notifications