Emergency Release Date: कब रिलीज होगी कंगना की फिल्म 'इमरजेंसी'? CBFC को कोर्ट से मिली डेडलाइन
Emergency Release Date: कंगना रनौत की फिल्म 'इमरजेंसी' (Emergency) की रिलीज डेट पर पिछले काफी लंबे वक्त से तलवार लटकी हुई है। इमरजेंसी फिल्म के रिलीज ना होने की वजह से कंगना को काफी आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा है। ऐसा बताया जा रहा है कि पिछले दिनों उन्हें अपना मुंबई स्थित बंगला बेचना पड़ा।
इस बीच, कंगना रनौत और इस फिल्म से जुड़े लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। बॉम्बे हाईकोर्ट में आज इमरजेंसी फिल्म को लेकर सुनवाई हुई। सुनवाई के बाद बॉम्बे हाईकोर्ट ने केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) को फटकार लगाते हुए कहा कि किसी फिल्म को महज इस आधार पर प्रमाणित करने से इनकार नहीं कर सकता कि उसके सामने कानून व्यवस्था की आशंका है।

कोर्ट के इस फैसले के बाद अब कंगना की फिल्म इमरजेंसी की रिलीज का रास्ता साफ हो सकता है। खबर के मुतबिक, कोर्ट ने कंगना रनौत की फिल्म इमरजेंसी की रिलीज पर 25 सितंबर तक निर्णय लेने का आदेश दिया। बता दें कि इस मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति बीपी कोलाबावाला और न्यायमूर्ति फिरदोष पूनीवाला की पीठ ने की।
इस दौरान कोर्ट ने पूछा कि क्या सीबीएफसी को लगता है कि इस देश के लोग इतने भोले हैं कि एक फिल्म में दिखाई गई हर चीज पर विश्वास कर सकते हैं। तो वहीं, याचिकाकर्ता के इस दावे पर कि सीबीएफसी राजनीतिक कारणों से फिल्म को प्रमाणपत्र जारी करने में देरी कर रही है। इस पर कोर्ट ने कहा कि फिल्म की सह-निर्माता रनौत खुद भाजपा की सांसद हैं।
साथ ही पीठ ने पूछा कि क्या सत्तारूढ़ पार्टी अपने ही सांसद के खिलाफ काम कर रही हैं। दरअसल, इमरजेंसी फिल्म 6 सितंबर को रिलीज होनी थी,लेकिन कानूनी अड़चन आने के बाद फिल्म इमरजेंसी अभी तक रिलीज नहीं हो सकी है। आपको बता दें कि कंगना ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की मुख्य भूमिका निभाने के अलावा इस फिल्म का निर्देशन और सह-निर्माण भी किया है।
इस सप्ताह की शुरुआत में सीबीएफसी पर आरोप लगाया था कि फिल्म की रिलीज टालने के लिए प्रमाणपत्र जारी नहीं किया जा रहा है। इस पर कोर्ट ने कहा कि आपको (सीबीएफसी) कोई न कोई फैसला करना होगा। आपको यह कहने की हिम्मत होनी चाहिए कि यह फिल्म रिलीज नहीं हो सकती।
कोर्ट ने कहा कि कम से कम तब हम आपकी हिम्मत और साहस की सराहना करेंगे। हम नहीं चाहते कि सीबीएफसी किसी तरह की परेशानी में डाल दिया जाए। कोर्ट जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज द्वारा दायर एक याचिका पर सुनवाई कर रहा था, जिसमें सीबीएफसी को फिल्म इमरजेंसी के लिए प्रमाण पत्र जारी करने का निर्देश देने की मांग की गई थी।
6 सितंबर को होनी थी रिलीज
कंगना रनौता की फिल्म इमरजेंसी पहले 6 सितंबर को रिलीज होनी थी। लेकिन, यह फिल्म उस वक्त विवादों में आ गई जब शिरोमणि अकाली दल समेत सिख संगठनों ने इस पर आपत्ति जताते कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। सिख संगठनों का कहना था कि इस फिल्म में सिख समुदाय को गलत तरीके से पेश किया गया है। साथ ही, ऐतिहासिक तथ्यों को गलत तरीके से पेश करने का आरोप लगाया था।












Click it and Unblock the Notifications