Elvish Yadav: बदमाशों ने एल्विश यादव को बनाया निशाना! यूट्यूबर के घर के बाहर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग
Elvish Yadav: देशभर में मशहूर यूट्यूबर एल्विश यादव के घर के बाहर रविवार, 17 अगस्त की सुबह कई राउंड फायरिंग हुई हैं। रविवार तड़के सुबह जब लोग नींद में थे, तभी गुरुग्राम स्थित उनके घर के बाहर गोलियों की आवाज गूंज उठी।
बताया जा रहा है कि अपराधियों ने उनके घर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन अचानक हुई गोलीबारी ने इलाके में दहशत का माहौल जरूर पैदा कर दिया है।

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, सुबह करीब 5:30 से 6 बजे के बीच तीन बाइक सवार बदमाशों ने गुरुग्राम के सेक्टर-57 इलाके में स्थित एल्विश के घर पर दो दर्जन से ज्यादा राउंड गोलियां दागीं और फिर मौके से फरार हो गए।
घर की दीवारों और खिड़कियों पर निशान
गोलियां घर की ग्राउंड और पहली मंजिल पर लगीं। उस समय एल्विश यादव घर पर मौजूद नहीं थे। वे दूसरी और तीसरी मंजिल पर रहते हैं। घटना के दौरान उनका केयरटेकर और कुछ परिजन घर में मौजूद थे, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी को चोट नहीं लगी।
#WATCH | Haryana: Visuals from the residence of YouTuber and Big Boss OTT winner Elvish Yadav in Gurugram, where three masked miscreants opened fire at around 5:30 AM this morning. pic.twitter.com/dfABTnW82g
— ANI (@ANI) August 17, 2025
पुलिस का बयान
गुरुग्राम पुलिस के पीआरओ संदीप कुमार ने बताया, "सुबह करीब 5:30 बजे तीन नकाबपोश बदमाशों ने एल्विश यादव के घर के बाहर गोलियां चलाईं। घटना में दर्जनों राउंड फायर किए गए। फायरिंग के वक्त एल्विश यादव घर पर नहीं थे।" पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
नहीं मिली थी कोई धमकी
यादव के परिजनों का कहना है कि घटना से पहले उन्हें किसी तरह की धमकी नहीं मिली थी। फिलहाल एल्विश यादव हरियाणा से बाहर हैं। परिवार की औपचारिक शिकायत दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एल्विश यादव और विवादों का रिश्ता
26 वर्षीय एल्विश यादव ने यूट्यूब पर पहचान बनाई और 2023 में बिग बॉस ओटीटी सीजन-2 जीतने के बाद बड़े स्तर पर चर्चा में आए। वह कई म्यूजिक वीडियो और फिल्मों में भी नजर आ चुके हैं। हालांकि वे कई बार विवादों में भी रहे हैं।
पिछले साल उन्हें नोएडा पुलिस ने उस मामले में गिरफ्तार किया था जिसमें कथित तौर पर रेव पार्टियों में सांप के जहर (स्नेक वैनम) के इस्तेमाल का आरोप लगा था। हालांकि बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी, लेकिन केस अब भी चल रहा है।
ये भी पढ़ें: एल्विश यादव या करण कुंद्रा, Laughter Chefs 2 का कौन सा विनर है ज्यादा अमीर? जानें नेटवर्थ












Click it and Unblock the Notifications