नहीं रहे दिव्या भारती के पिता, आखिरी सांस तक ससुर के साथ रहे पति साजिद नाडियाडवाला
मुंबई, 01 नवंबर: दिवंगत अभिनेत्री दिव्या भारती के पिता ओम प्रकाश भारती का निधन हो गया है। ओम प्रकाश भारती ने 30 अक्टूबर को अंतिम सांस ली। उनके निधन के समय दिव्या भारती से शादी कर चुके प्रोड्यूसर साजिद नाडियाडवाला अंतिम समय तक उनके साथ रहे। एक्ट्रेस दिव्या भारती की 1993 में एक दुखद हादसे में निधन हो गया था। साजिद ने उनके निधन के बाद दूसरी शादी कर ली थी, पर वे दिव्या भारती को अपने पैरेंट्स की तरह ट्रीट करते रहे।

'वह दिव्या के माता-पिता को मम्मी-पापा बुलाते थे'
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट में कहा गया है, साजिद दिव्या के पिता के साथ आखिरी सांस तक मौजूद रहे। वह अगले दिन दाह संस्कार में भी शामिल हुए। साजिद के लिए ओम प्रकाश भारती अपने पिता के समान थे। वह दिव्या के माता-पिता को मम्मी-पापा बुलाते थे। दिव्या भारती और साजिद नाडियाडवाला की मुलाकात शोला और शबनम के सेट पर हुई थी।

दिव्या के पिता के निधन के बाद साजिद उनके अंतिम संस्कार में भी मौजूद थे
इसके बाद 1992 में दोनों ने शादी के बंधन में बंध गए। दिव्या अपने करियर के चरम पर थीं जब उन्होंने साजिद से शादी की, वह सिर्फ 18 साल की थीं। रिपोर्ट के मुताबिक एक सूत्र ने बताया कि दिव्या के पिता के निधन के बाद साजिद उनके अंतिम संस्कार में भी मौजूद थे। साजिद दिव्या के पैरंट्स को मां और पापा कहकर पुकारते थे। दिव्या भारती को इस दुनिया से अलविदा कहे हुए 28 साल हो गए हैं।

दिव्या भारती ने कई महीनों तक छिपा कर रखी थी शादी
कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जाता है कि दिव्या भारती ने साजिद से शादी होने की बात कई महीनों तक अपने पिता ओम प्रकाश भारती से छिपाकर रखी थी। बॉलीवुड हंगामा को दिए एक पुराने इंटरव्यू में दिव्या की मां मीता ने बताया था कि एक दिन दिव्या ने पूछा- मॉम, आपका साजिद के बारे में क्या विचार है? मैंने कहा कि अच्छा है। कुछ दिनों बाद उसने मुझसे कहा कि अगर मैं साजिद से शादी कर लूं? मैंने उससे कहा कि अपने पापा से बात करो। उसके पापा इस शादी के खिलाफ थे।

साजिद ने दिव्या के पिता को बताई थी शादी की बात
उन्होंने आगे बताया कि, दिव्या जब 18 की हुई तो एक दिन उसने फोन किया और कहा कि वह साजिद से शादी कर रही है और उन्हें विटनेस के तौर पर साइन करने के लिए आना होगा। पर मैंने कह दिया कि मैं नहीं आ पाऊंगी, जब तक तुम अपने पापा को इस बारे में ना बताओ। दोनों ने शादी कर ली और शादी के बाद दिव्या अपने माता-पिता के साथ ही रहने लगीं। कभी-कभार साजिद, दिव्या से मिलने उनके घर आ जाया करते थे। कुछ महीनों बाद साजिद दिवाली के मौके पर घर आए और उन्होंने अपनी शादी के बारे में सब बता दिया।

दिव्या ने शादी के बाद इस्लाम कुबूल कर लिया था
बता दें कि दिव्या भारती ने साल 1992 में सनी देओल के ऑपोजिट फिल्म 'विश्वात्मा' से हिंदी फिल्मों में डेब्यू किया था। साल 1993 में उनके निधन के बाद उनकी आखिरी फिल्म 'शतरंज' रिलीज हुई थी। दिव्या ने 10 मई 1992 के दिन साजिद नाडियाडवाला से मुस्लिम रीति-रिवाज के मुताबिक निकाह किया था। दिव्या ने शादी के बाद इस्लाम कुबूल कर अपना नाम सना नाडियाडवाला कर लिया था।












Click it and Unblock the Notifications