Disha Salian Death: दिशा सालियान केस में नया मोड़, पिता सतीश ने आदित्य ठाकरे को भेजा 500 Cr. का मानहानि नोटिस
Disha Salian Death: दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान ने शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे के खिलाफ 500 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेजा है। सतीश सालियान अपने वकील नीलेश ओझा के साथ नोटिस देने आदित्य ठाकरे के आवास मातोश्री पहुंचे थे। हालांकि उन्हें और उनके वकील को बंगले के अंदर जाने की अनुमति नहीं मिली। इसके बाद कानूनी नोटिस मेन गेट पर ही सौंपा गया।
दिशा सालियान केस में वकील नीलेश ओझा का बड़ा बयान
मातोश्री के बाहर नीलेश ओझा ने मीडिया से बातचीत में इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने दावा किया कि उन्हें पहले ये धमकी दी गई थी कि वह वकालत नहीं कर पाएंगे। नीलेश ओझा ने कहा कि इसी के जवाब में वह सतीश सालियान के साथ मातोश्री पहुंचे और वहां जाकर कानूनी नोटिस सौंपा।

मातोश्री के गेट पर ही सौंपा गया नोटिस
-नीलेश ओझा ने मीडिया से कहा कि उन्हें कथित तौर पर कहा गया था कि वह प्रैक्टिस नहीं कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि वह यह दिखाने के लिए मातोश्री पहुंचे हैं कि कानूनी प्रक्रिया के तहत नोटिस संबंधित व्यक्ति के घर तक पहुंचाया जा सकता है।
-नीलेश ओझा ने कहा- हमें कहा गया था कि हमें प्रैक्टिस नहीं करने देंगे। इसलिए हम यहां ये दिखाने आए हैं कि हम आपके घर तक आकर कानूनी नोटिस दे सकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि नोटिस अब तामील हो चुका है और इसके बाद आदित्य ठाकरे को इसका जवाब देना होगा।
राजनीतिक मंशा के आरोप पर वकील ने क्या कहा?
-सतीश सालियान के वकील ने ये भी दावा किया कि आदित्य ठाकरे की ओर से उनके खिलाफ राजनीतिक प्रेरणा से काम करने की बात कही गई थी। हालांकि नीलेश ओझा के मुताबिक अदालत इस दलील को पहले ही खारिज कर चुकी है। उन्होंने कहा कि नोटिस में इस बात का भी उल्लेख किया गया है।
-नीलेश ओझा ने दावा किया कि उनका किसी राजनीतिक दल या राजनीति से कोई संबंध नहीं है और वह मामले को कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नोटिस दिए जाने के बाद अब सामने वाले पक्ष को इसका जवाब देना होगा।
500 करोड़ रुपये की मानहानि का दावा
सतीश सालियान की ओर से भेजे गए नोटिस में आदित्य ठाकरे पर 500 करोड़ रुपये की मानहानि का दावा किया गया है। नोटिस में आरोप लगाया गया है कि सतीश सालियान और उनके परिवार को लेकर राजनीतिक मंशा से बयान दिए गए, जिससे उनकी प्रतिष्ठा और सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचा।
दिशा सालियान की मौत से जुड़ा है मामला
-दिशा सालियान की मौत 8 जून 2020 को मुंबई के मलाड इलाके में एक बहुमंजिला इमारत से गिरने के बाद हुई थी। वो दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर थीं। दिशा की मौत के बाद से ही ये मामला लगातार चर्चा में रहा है और इससे जुड़े कई दावे एवं आरोप समय-समय पर सामने आते रहे हैं। मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी सीबीआई कर रही है।
-अब सतीश सालियान की ओर से आदित्य ठाकरे को भेजे गए 500 करोड़ रुपये के मानहानि नोटिस के बाद ये मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। आने वाले समय में इस कानूनी नोटिस पर आदित्य ठाकरे या उनकी ओर से किसी प्रतिनिधि की प्रतिक्रिया जरूरी होगी।


Click it and Unblock the Notifications
