'राम तेरी गंगा मैली' के लिए अगर रिजेक्ट नहीं होतीं दीपिका चिखलिया, तो कभी नहीं बन पाती 'माता सीता', जानें वजह
Dipika Chikhlia: रामानंद सागर की 'रामायण' से दीपिका चिखलिया ने माता सीता का निभाया था। जिससे उन्हें घर-घर पहचान मिली थी। हालांकि आज भी उनकी ये छवि बरकरार है। कई बार जब एक्ट्रेस को लोग सामने से देखते हैं तो उनके सामने सर तक झुका देते हैं।
इस बीच दीपिका चिखलिया ने एक इंटरव्यू के दौरान अपने करियर से जुड़ा बड़ा राज खोला है। उन्होंने बताया कि वह राज कपूर की फिल्म राम तेरी गंगा मैली में लीड रोल निभाना चाहती थीं जिसके लिए उन्होंने ऑडिशन भी दिया था लेकिन उम्र की वजह से उन्हें रिजेक्ट कर दिया गया था।

दैनिक भास्कर संग बातचीत के दौरान दीपिका चिखलिया ने कहा कि, 'उस समय मैं छोटे और सपोर्टिंग रोल कर रही थी। लेकिन मैं खुश नहीं थी। मुझे ऐसा लगने लगा था कि इंडस्ट्री छोड़ देनी चाहिए। राज कपूर की बेटी रीमा के बेस्ट फ्रेंड के पिता, मेरे पिता के दोस्त थे। उन्होंने मुझे बताया कि राज कपूर फिल्म के लिए नए चेहरे की तलाश में थे।'
दीपिका चिखलिया ने आगे कहा कि, 'मैं जब राज कपूर से मिलने गई थी। उन्होंने मेरी उम्र पूछी, मैं तब महज 17 साल की ही थी। उन्होंने उस वक्त मुझसे कहा कि तुम बहुत ज्यादा छोटी हो। बाद में किसी और फिल्म में हम साथ काम करेंगे। लेकिन अच्छा ही हुआ मैंने इस फिल्म के लिए काम नहीं किया वरना मुझे रामायण में रोल नहीं मिल पाता।' ये तब की बात है जब रामायण की शूटिंग शुरू नहीं हुई थी।
दीपिका चिखलिया ने बताया कि जब वह ये फिल्म थिएटर में देखने के लिए अपनी मां के साथ गई थीं तो उन्हें इस बात का अहसास हुआ कि अच्छा हुआ उन्हें ये रोल नहीं मिला। बता दें कि फिल्म 'राम तेरी गंगा मैली' में मंदाकिनी ने लीड रोल निभाया था और इसके लिए उन्होंने कई सारे बोल्ड सीन्स दिए थे। जिसको लेकर काफी विवाद भी हुआ था। हालांकि इन सबके बावजूद ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही।












Click it and Unblock the Notifications