Dia Mirza Video: दीया मिर्जा के पटाखा विरोधी वीडियो पर बॉम्बे हाईकोर्ट का बड़ा एक्शन, BMC को दिया ऐसा आदेश
Dia Mirza Video: बॉलीवुड एक्ट्रेस दीया मिर्जा के पटाखों के खिलाफ जागरूकता फैलाने वाले वीडियो को सोशल मीडिया से हटाना बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) को भारी पड़ गया है। बॉम्बे हाईकोर्ट ने इस मामले में नगर निगम को निर्देश दिया है कि वह एक्ट्रेस का हटाया गया वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर तुरंत दोबारा पोस्ट करे। अदालत ने इस पूरे विवाद को राजनीतिक रंग देने और एक्ट्रेस पर सवाल उठाने वाले नेताओं की टिप्पणियों पर भी नाराजगी जाहिर की। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने साफ कहा कि भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों को किसी दूसरे नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए।
BMC के कहने पर दीया मिर्जा ने बनाया था वीडियो
लाइव लॉ की रिपोर्ट के मुताबिक इस मामले की सुनवाई बॉम्बे हाईकोर्ट की न्यायमूर्ति गिरीश कुलकर्णी और न्यायमूर्ति डॉ. नीला गोखले की खंडपीठ ने की। दरअसल दीया मिर्जा ने BMC के अनुरोध पर एक जागरूकता वीडियो तैयार किया था। इसमें उन्होंने लोगों से सार्वजनिक सड़कों पर पटाखे नहीं जलाने की अपील की थी।ये पहल पर्यावरण प्रदूषण को लेकर लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से की गई थी। बताया गया कि ये अभियान अदालत के पहले दिए गए निर्देशों के अनुरूप था, जिसके तहत नागरिकों को प्रदूषण के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए प्रोत्साहित किया गया था।

नेताओं की आपत्ति के बाद हटाया गया था वीडियो
-दीया मिर्जा का वीडियो सामने आने के बाद कुछ बीजेपी नेताओं और पार्षदों ने इस पर आपत्ति जताई थी। एक्ट्रेस पर कथित तौर पर हिंदू विरोधी होने के आरोप लगाए गए थे। इन विरोधों के बाद BMC ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से वीडियो हटा दिया था।
-इसके बाद मामला बॉम्बे हाईकोर्ट पहुंचा। सुनवाई के दौरान अदालत ने इस बात पर नाराजगी जताई कि पर्यावरण संरक्षण से जुड़े एक जागरूकता अभियान को अनावश्यक रूप से विवाद का विषय बनाया गया। पीठ ने कहा कि दीया मिर्जा ने वही किया था, जिसकी अपील अदालत के पुराने आदेश में की गई थी।
'राजनेताओं की टिप्पणियों से मैं आहत हूं'
-सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति गिरीश कुलकर्णी ने नेताओं की टिप्पणियों पर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि राजनेताओं की इस तरह की बयानबाजी से वह काफी आहत हैं। उनके मुताबिक संबंधित नेताओं ने अदालत के पहले के आदेश को ठीक से समझे बिना एक्ट्रेस के वीडियो पर टिप्पणी की।
-पीठ ने ये भी स्पष्ट किया कि किसी नागरिक की ओर से प्रदूषण के खिलाफ जागरूकता फैलाना गलत नहीं है। अदालत के निर्देशों के तहत दीया मिर्जा ने ये वीडियो बनाया था, इसलिए इसे किसी राजनीतिक या धार्मिक विवाद से जोड़ने की कोशिश नहीं की जानी चाहिए।
'हर व्यक्ति एक ही हवा में सांस ले रहा है'
न्यायमूर्ति डॉ. नीला गोखले ने सुनवाई के दौरान पर्यावरण और जनस्वास्थ्य के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ये मामला पूरी तरह से स्वच्छ पर्यावरण और लोगों की सेहत से जुड़ा हुआ है। अदालत ने टिप्पणी की कि चाहे कोई भी व्यक्ति हो, हर किसी को एक ही हवा में सांस लेनी पड़ती है। पीठ ने साफ किया कि प्रदूषण और स्वच्छ हवा जैसे मुद्दों को किसी अन्य नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए। पर्यावरण की सुरक्षा सभी नागरिकों से जुड़ा विषय है और इसे राजनीतिक विवाद में बदलना उचित नहीं है।
BMC को तुरंत वीडियो बहाल करने का निर्देश
-बॉम्बे हाईकोर्ट ने पूरे मामले पर सुनवाई के बाद BMC को आदेश दिया कि वह दीया मिर्जा के पटाखा विरोधी वीडियो को अपने सोशल मीडिया हैंडल पर तत्काल बहाल करे। अदालत की इस टिप्पणी और आदेश के बाद एक्ट्रेस का वीडियो हटाए जाने का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
-इस मामले ने ये भी रेखांकित किया कि प्रदूषण के खिलाफ जागरूकता फैलाने की पहल को धार्मिक या राजनीतिक विवाद से अलग रखकर देखा जाना चाहिए। अदालत ने अपने रुख से स्पष्ट कर दिया कि स्वच्छ हवा और बेहतर पर्यावरण का सवाल हर नागरिक से जुड़ा है।


Click it and Unblock the Notifications
