'धुरंधर' के जमील aka राकेश बेदी ने बताया रणवीर सिंह की फिल्मों की सक्सेस का कारण
Rakesh Bedi On Ranveer Singh: रणवीर सिंह स्टारर फिल्म 'धुरंधर' में राकेश बेदी ने अपने काम से दर्शकों का दिल जीत लिया है। फिल्म में वह जमील जमाली, एक चालाक और महत्वाकांक्षी पाकिस्तानी नेता की भूमिका में हैं। जो किसी भी कीमत पर सत्ता हासिल करना चाहता है। माना जा रहा है कि यह किरदार वास्तविक पाकिस्तानी नेताओं नबील गबोल या अल्ताफ हुसैन से प्रेरित है। हालांकि इस पर मेकर्स की तरफ से पुष्टि नहीं हुई है। फिल्म की गहन और सघन कहानी के बीच बेदी की चुटीली कॉमेडी एक अलग माहौल बनाती है।

'उरी' से 'धुरंधर' तक: दिलचस्प सफर
राकेश बेदी का 'धुरंधर' से जुड़ना भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। निर्देशक आदित्य धर की सुपरहिट फिल्म 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' में उन्होंने एक छोटा लेकिन प्रभावी रोल किया था-एक पाकिस्तानी आईएसआई अधिकारी, जो असल में भारत के लिए काम करने वाला अंडरकवर एजेंट होता है। यह किरदार भले ही छोटा था, लेकिन इसका प्रभाव इतना मजबूत था कि आदित्य धर ने उसी समय वादा किया था कि वे आगे किसी बड़े प्रोजेक्ट में उन्हें जरूर कास्ट करेंगे। फर्स्टपोस्ट से बातचीत में बेदी ने बताया कि भावना के अनुरूप, पिछले वर्ष आदित्य ने उन्हें फोन कर 'धुरंधर' में एक महत्वपूर्ण भूमिका ऑफर की, जिसे पढ़ते ही उन्होंने स्वीकार कर लिया। फिल्म के लिए कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा थे।
रणवीर सिंह के साथ खास दृश्य और अनुभव
फिल्म में राकेश बेदी और रणवीर सिंह के बीच एक बेहद अहम और रोचक सीन है। यह दृश्य कहानी के अगले भाग के लिए महत्वपूर्ण नींव तैयार करता है, इसलिए टीम ने इसे गुप्त रखा है। रणवीर के साथ काम करने के अनुभव साझा करते हुए बेदी कहते हैं कि उनकी सफलता का सबसे बड़ा राज उनका विनम्र और सहयोगी स्वभाव है। वह सेट पर खुद को "हीरो" की तरह अलग नहीं रखते, बल्कि टीम के हर सदस्य को सम्मान देते हैं और पूरी यूनिट को साथ लेकर काम करते हैं। बेदी के अनुसार, रणवीर का यही रवैया उन्हें इंडस्ट्री में सबसे खास और सफल कलाकारों में शामिल करता है।
सीक्वल में और भी बड़ा रूप
राकेश बेदी ने यह भी माना कि उनका किरदार एक वास्तविक नेता की छवि से प्रेरित है और उनके लुक में भी उसकी झलक देखने को मिलती है। पहले भाग में उनकी भूमिका सीमित थी, लेकिन कलाकार के अनुसार 'धुरंधर 2' में उनका किरदार और अधिक प्रभावशाली, खतरनाक और विस्तृत रूप में दिखाई देगा। बता दें, फिल्म में अक्षय खन्ना को रणवीर सिंह से 20 गुना कम फीस मिली।












Click it and Unblock the Notifications