धर्मेंद्र ने अपनी आखिरी फिल्म में लिखी थी कविता, 'पिंड' पर ऐसी बात लिखी, जिसे सुन आंसू निकल जाएंगे
बॉलीवुड के ही-मैन धर्मेंद्र का निधन 24 नवंबर को हुआ। निधन के 4 दिन बाद भी लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। उनकी लास्ट फिल्म 25 दिसंबर को रिलीज होने वाली है। उस फिल्म का नाम 'इक्कीस' है। उसकी टीम ने हाल ही में दिवंगत दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र द्वारा लिखी गई एक मार्मिक कविता साझा की है, जिसने दर्शकों और फिल्म प्रेमियों को भावुक कर दिया।
यह कविता न केवल उनकी संवेदनशीलता और काव्य-प्रेम को दर्शाती है, बल्कि यह उनके अंतिम फिल्मी सफर की एक अमर याद भी बन गई है। फिल्म में धर्मेंद्र, सेकेंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल के पिता की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि उनके बेटे का किरदार अगस्त्य नंदा निभा रहे हैं।

भारत के वीर बेटे को श्रद्धांजलि
राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक श्रीराम राघवन द्वारा निर्देशित 'इक्कीस' देश के सबसे कम उम्र के परम वीर चक्र विजेता, सेकेंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल के जीवन पर आधारित है। मात्र 21 वर्ष की आयु में 1971 के बसंतर युद्ध में शहीद हुए खेत्रपाल की गाथा आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। फिल्म में दिखाया गया पिता-पुत्र का रिश्ता कहानी में एक गहरी भावनात्मक परत जोड़ता है।
धर्मेंद्र की कविता-मिट्टी से जुड़ाव की महक
टीम द्वारा साझा की गई पोस्ट में लिखा गया, "आज भी जी करता है, अपने पिंड को जानवा", जो धर्मेंद्र के मिट्टी से जुड़े होने का प्रतीक है। मेकर्स ने उन्हें "मिट्टी का बेटा" बताते हुए कहा कि उनकी बातों में हमेशा देश की मिट्टी की सादगी और महक साफ महसूस होती है। यह कविता एक दिग्गज कलाकार द्वारा एक अमर सैनिक के लिए दी गई संवेदनशील श्रद्धांजलि के रूप में सामने आई है।
भावनाओं से भरा नया पोस्टर
फिल्म के नए पोस्टर पर लिखा है-"पिता बेटे बनाते हैं... लेकिन लेजेंड देश बनाते हैं।" इस पंक्ति ने फिल्म की भावनात्मक ताकत को और बढ़ा दिया है। धर्मेंद्र को 21 वर्षीय वीर सैनिक के पिता के किरदार में देखने के लिए दर्शक पहले से ही उत्सुक हैं। धर्मेंद्र और अगस्त्य नंदा के अलावा, फिल्म में जयदीप अहलावत, सिकंदर खेर जैसे मजबूत कलाकार भी शामिल हैं, जो कहानी को गहराई और प्रभाव देते हैं। 'इक्कीस' 25 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और इसे धर्मेंद्र की अंतिम यादगार फिल्मों में से एक माना जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications