Amitabh Bachchan की 'जंजीर' को धर्मेंद्र ने किया था रिजेक्ट, जावेद अख्तर के दावे पर हीमैन ने लगाई क्लास
जावेद अख्तर ने एक इंटरव्यू में दावा किया है कि दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र ने फिल्म जंजीर को रिजेक्ट किया था। जिसके बाद सोशल मीडिया पर एक्टर ने अपना गुस्सा जाहिर किया।
Javed Akhtar Statement बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन आज यानी 11 अक्टूबर 2022 को अपना 80वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर कई बड़ी हस्तियों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी। इस खास मौके पर मशहूर लेखक और कवि जावेद अख्तर ने एक इंटरव्यू के दौरान अमिताभ बच्चन को जन्मदिन की बधाई दी। साथ ही उनकी सुपरहिट फिल्म का जिक्र किया।

जावेद अख्तर ने किया बड़ा दावा
मशहूर लेखक जावेद अख्तर अक्सर अपनी बेबाक अंदाज के लिए जाने जाते हैं। वह अपने विवादित बयानों को लेकर भी सुर्खियों में रहते हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान जावेद अख्तर ने अमिताभ बच्चन की फिल्म जंजीर का जिक्र किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि इस फिल्म को दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र ने रिजेक्ट कर दिया था। लेकिन जावेद अख्तर की ये बात धर्मेंद्र को रास नहीं आई और उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर अपनी भड़ास निकाली।

धर्मेंद्र ने जंजीर को किया था रिजेक्ट
दरअसल, जावेद अख्तर ने इंडिया टूडे को दिए इंटरव्यू में जावेद अख्तर ने कहा कि, 'अमिताभ 'जंजीर' के लिए आखिरी चॉइस थे। ये स्क्रिप्ट धर्मेंद्र जी के लिए लिखी गई थीं पर उन्होंने किसी कारण से इसे करने से मना कर दिया था। प्रकाश मेहरा के पास स्क्रिप्ट थीं पर हीरो नहीं था। वह इस फिल्म को प्रोड्यूज भी कर रहे थे। वह कई एक्टरों के पास इस फिल्म को लेकर गए पर हर किसी ने इसे रिजेक्ट कर दिया था'।

बताया अमिताभ बच्चन क्यों थे आखिरी च्वाइस
फिल्म जंजीर के रिजेक्शन पर जावेद अख्तर ने राजेश खन्ना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि, 'मैं समझ सकता हूं कि उस समय के एक्टर्स ने इसे रिजेक्ट क्यों किया। उस समय राजेश खन्ना को भगवान माना जाता था। उनकी फिल्मों में म्यूजिक जरूरी था और जंजीर में कोई रोमांस नहीं था। पहले फ्रेम से आखिरी फ्रेम तक हीरो नाराज, सीरियस और एक कठोर आदमी बनकर नजर आने वाला था। ऐसे में ऐसा हीरो किसी को नहीं बनना था'।

जावेद अख्तर के दावे पर धर्मेंद्र को आया गुस्सा
जब HT सिटी ने अपने आधिकारिक ट्विटर पर जावेद अख्तर की इस टिप्पणी को ट्वीट किया तो ये देख धर्मेंद्र भड़क गए और उन्होंने इस पर अपना रिएक्शन दिया। धर्मेंद्र ने लिखा कि, 'जावेद, कैसे हो... दिखावे की इस दुनिया में हकीकत दबी रह जाती है. जीते रहो..दिलों को गुदगुदाना खूब आता है। काश सर चढ़ के बोलने का जादू भी सीख लिया होता...'।

फिल्म जंजीर से बिग बी के करियर में आया नया मोड़
बता दें कि अमिताभ बच्चन के फिल्मी करियर में फिल्म जंजीर उनकी पहली सुपरहिट फिल्म मानी जाती है। इस फिल्म से उनके करियर में नया मोड़ आया और फिर उन्हें लगातार कई फिल्में का ऑफर मिला। जो कि बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई। वहीं धर्मेंद्र और अमिताभ बच्चन की बात करें तो ये जोड़ी फैंस की सबसे पसंदीदा जोड़ी थी। दोनों ने फिल्म शोले में साथ काम किया था।












Click it and Unblock the Notifications