'जैकलीन मेरी गर्लफ्रेंड थी, उसका ठगी से कोई लेना-देना नहीं...', सुकेश चंद्रशेखर का दावा रिलेशनशिप में था
'जैकलीन मेरी गर्लफ्रेंड थी, उसका ठगी से कोई लेना-देना नहीं...', सुकेश चंद्रशेखर का दावा रिलेशनशिप में था
मुंबई, 02 जनवरी: बॉलीवुड एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडिस इन दिनों कॉनमैन सुकेश चंद्रशेखर के साथ अपने रिश्ते और महंगे गिफ्ट्स को लेकर चर्चा में बनी हुई हैं। कथित 200 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा ठग सुकेश चंद्रशेखर से पूछताछ के दौरान जैकलीन फर्नांडीज का नाम सामने आया है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कहा है कि सुकेश चंद्रशेखर ने ठगी के पैसों से जैकलीन को 10 करोड़ से अधिक के गिफ्ट दिए हैं। सुकेश ने कथित तौर पर जैकलीन को कई महंगे तोहफे दिए जिन्हें जांच एजेंसी ने जब्त कर लिया है। जैकलीन और सुकेश की कई तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हुईं, जिसमें एक फोटो में जैकलीन और सुकेश किस करते हुए नजर आ रहे हैं।

सुकेश चंद्रशेखर ने कहा- 'जैकलीन मेरी गर्लफ्रेंड थी...'
अब सुकेश चंद्रशेखर के वकील अनंत मलिक ने एक प्रेस बयान जारी किया है जिसमें उन्होंने कहा है कि यह कहना गलत है कि वह एक धोखेबाज और ठग है। वकील का कहना है कि सुकेश चंद्रशेखर को अभी तक दोषी नहीं ठहराया गया है, इसलिए उन्हें कॉनमैन या ठग नहीं किया जा सकता है। सुकेश चंद्रशेखर के हवाले से वकील ने कहा कि जैकलीन सुकेश की गर्लफ्रेंड थी। दोनों एक-दूसरे के साथ रिश्ते में थे। उनके व्यक्तिगत संबंधों का आपराधिक मामले से कोई लेना-देना नहीं है।

सुकेश चंद्रशेखर ने कहा, 'मुझे कॉनमैन मत बोलो...'
सुकेश चंद्रशेखर के वकील अनंत मलिक ने कहा है कि सुकेश चंद्रशेखर को कॉनमैन कहना उचित नहीं होगा, क्योंकि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के लगाए आरोपों की अभी पुष्टि नहीं हुई है और ना ही उन्हे दोषी ठहराया गया है। बता दें कि जैकलीन के अलावा इस केस में एक्ट्रेस और डांसर नोरा फतेही का भी नाम सामने आया था। नोरा को एक फंक्शन से रिटर्न गिफ्ट के तौर पर सुकेश ने लग्जरी कार दी थी।

जैकलीन के लिए ED ने जारी किया है लुकआउट नोटिस
ईडी ने मामले के सिलसिले में जैकलीन के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया है। लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) को डाउनग्रेड करने के जैकलीन फर्नांडीज ने ईडी से अनुरोध भी किया था लेकिन उसको ठुकरा दिया गया है। जैकलीन ने संघीय एजेंसी के सामने अपने खिलाफ जारी एलओसी को रद्द करने का अनुरोध किया था ताकि वह विदेश यात्रा कर सकें। लेकिन ईडी से इससे साफ इनकार कर दिया है। जैकलीन फर्नांडीज देश नहीं छोड़ सकती हैं। जैकलीन इससे पहले रियाद में सलमान खान के द-बैंग दौरे पर प्रदर्शन नहीं कर सकीं।
जैकलीन के खिलाफ यह लुकआउट नोटिस 5 दिसंबर को जारी किया गया था।

जानें ईडी ने सुकेश चंद्रशेखर के खिलाफ क्या-क्या आरोप लगाए हैं?
ईडी ने 200 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कॉनमैन सुकेश चंद्रशेखर और अन्य के खिलाफ दिल्ली की एक अदालत में आरोप पत्र दायर किया, जिसमें आरोप लगाया गया कि उसने तिहाड़ जेल में बंद रहने के दौरान एक व्यवसायी की पत्नी से 200 करोड़ रुपये की उगाही की थी। श्रीलंकाई मूल की अभिनेत्री जैकलीन से प्रवर्तन निदेशालय ने मामले के सिलसिले में कई सत्रों में पूछताछ की थी।

जैकलीन के संपर्क में कैसे आए सुकेश
ईडी ने अपने चार्जशीट में यह भी कहा कि जैकलीन और एक्ट्रेस-डांसर नोरा फतेही को इस ठग से लग्जरी कारें और दूसरे महंगे तोहफे मिले। ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग रोधी कानून के तहत दायर चार्जशीट में कहा कि सुकेश चंद्रशेखर कथित तौर पर अपने मेकअप आर्टिस्ट शान मुत्ताथिल के जरिए जैकलीन के संपर्क में आए।












Click it and Unblock the Notifications