दावा: 'क्या तुम्हे ये पसंद है...', करोड़ों के गिफ्ट के लिए कॉनमैन सुकेश और नोरा फतेही कुछ इस तरह करते थे बात
दावा: 'क्या तुम्हे ये पसंद है...', करोड़ों के गिफ्ट के लिए कॉनमैन सुकेश और नोरा फतेही कुछ इस तरह करते थे बात
मुंबई, 18 दिसंबर: बॉलीवुड एक्ट्रेस नोरा फतेही और जैकलीन फर्नांडिस का नाम कॉनमैन सुकेश चंद्रशेखर के साथ जोड़ा जा रहा है। 200 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले सुकेश चंद्रशेखर ने नोरा और जैकलीन को करोड़ों के गिफ्ट दिए हैं। जिसको लेकर जैकलीन और नोरा प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की रडार पर हैं। सुकेश चंद्रशेखर ने जेल में रहते हुए एक व्यवसायी की पत्नी से कथित तौर पर 200 करोड़ रुपये की उगाही की है। नोरा और जैकलीन दोनों अभिनेत्रियों पर 32 वर्षीय ठग से लक्जरी गिफ्ट्स लेने का आरोप है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अनुसार, इन गिफ्टस में लग्जरी कार, हीरे और बैग सहित अन्य चीजें शामिल हैं। अब सोशल मीडिया पर नोरा फतेही और सुकेश का एक चैट वायरल हो रहा है, जो लग्जरी गिफ्ट को लेकर है।

जब नोरा से सुकेश ने पूछा- क्या तुम्हे पसंद है ये कार
इंडिया टुडे ने दावा किया है कि 17 दिसंबर को सुकेश चंद्रशेखर और नोरा फतेही के बीच की एक्सक्लूसिव चैट उनको मिली है। नोरा और सुकेश इस चैट में एक लग्जरी कार को लेने के लिए चर्चा कर रहे हैं।
सुकेश चंद्रशेखर ने नोरा फतेही से रेंज रोवर कार के बारे में पूछा, "क्या तुम्हे ये पसंद है?"
नोरा का जवाब- "हां, यह एक अच्छी रफ यूज कार है। यह प्यारा है, यह एक स्टेटमेंट कार है।''
सुकेश बोले- मैं आपको और भी ऑप्शन दिखाऊंगा।

'आप ये तो नहीं सोच रहीं कि आपको ये गिफ्ट क्यों मिला...'
एक अन्य बातचीत में सुकेश चंद्रशेखर ने नोरा फतेही को लिखा, ''अगर आप एक मिनट के लिए सब कुछ स्पष्ट करने के लिए मेरे से बात कर सकती हैं तो मैं इसकी बहुत सराहना करूंगा। मुझे आशा है कि आप या आपकी एजेंसी यह नहीं सोच रहे होंगे कि यह गिफ्ट आपको क्यों दिया गया है। मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि यह किसी भी तरह के मकसद से नहीं दिया जा रहा है, बल्कि इसलिए कि जब आप किसी व्यक्ति को पसंद करते हैं, तो आप उन्हें गिफ्ट देते हैं। बस इसी वजह से कर रहा हूं, और कुछ नहीं।"

दिसंबर 2020 में BMW नोरा को मिला था गिफ्ट
सुकेश चंद्रशेखर के मामले की जांच कर रहा प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) नोरा फतेही को कई बार तलब कर पूछताछ कर चुका है। ईडी के मुताबिक सुकेश चंद्रशेखर ने उन्हें दिसंबर 2020 में बीएमडब्ल्यू (BMW) कार गिफ्ट की थी।

नोरा ने कहा था- सुकेश की पत्नी ने दिया था कार गिफ्ट
नोरा फतेही ने कहा है कि सुकेश चंद्रशेखर की पत्नी लीना मारिया ने उन्हें चेन्नई में एक कार्यक्रम हिस्सा लेने के बदले गिफ्ट दिया था। एक आधिकारिक बयान में, उसने दावा किया कि वह इस मामले में एक 'पीड़ित' थी और किसी भी तरह के मनी लॉन्ड्रिंग में शामिल नहीं थी। ईडी को मामले की जांच के अलावा अपराध की आय की वसूली का काम सौंपा गया है। सुकेश चंद्रशेखर द्वारा नोरा फतेही को दी गई कार को जब्त करने की संभावना है।

10 एक्टर ने सुकेश से की थी मुलाकात
सूत्रों ने शुक्रवार (17 दिसंबर) को कहा कि बॉलीवुड के कुछ अभिनेताओं सहित 10 से अधिक लोगों ने जेल में बंद सुकेश चंद्रशेखर से मुलाकात की। वे सभी ईडी की जांच के दायरे में हैं और उन्हें अगले एक सप्ताह में पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है।

जैकलीन फर्नांडीज सुकेश से हमेशा मिलती थी
पिछले हफ्ते, जैकलीन फर्नांडीज ने ईडी को दिए अपने बयान में खुलासा किया कि सुकेश चंद्रशेखर ने उन्हें दो जोड़ी हीरे के झुमके, दो हर्मीस कंगन, तीन बिर्किन बैग और एक जोड़ी लुई वुइटन के जूते गिफ्ट किए थे। ईडी ने आरोप लगाया है कि सुकेश फरवरी 2021 से 7 अगस्त 2021 को गिरफ्तार होने तक जैकलीन के नियमित संपर्क में था।
एजेंसी ने कहा कि इस अवधि के दौरान, सुकेश ने उसे और उसके परिवार के सदस्यों को कई गिफ्ट दिए। जैकलीन को हाल ही में मुंबई हवाईअड्डे पर रोक दिया गया था और इस मामले में उनकी संलिप्तता के कारण देश छोड़ने की अनुमति नहीं दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications