ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘मंजुम्मेल बॉयज' के डायरेक्टर चिदंबरम एस पोडुवाल पर लगा यौन उत्पीड़न का आरोप, केस दर्ज
सुपरहिट मलयालम फिल्म 'मंजुम्मेल बॉयज' के डायरेक्टर Chidambaram S Poduval के खिलाफ केरल में यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कोच्चि की एर्नाकुलम साउथ पुलिस ने एक महिला की शिकायत के आधार पर रविवार को केस दर्ज किया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह शिकायत 2022 की एक कथित घटना से जुड़ी है। महिला ने आरोप लगाया है कि डायरेक्टर ने एलामकुलम स्थित उसके अपार्टमेंट में जबरन घुसकर उसके साथ यौन उत्पीड़न किया। यह मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 और 75 के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता का बयान दर्ज कर लिया गया है। आगे की जांच के तहत डायरेक्टर को पूछताछ के लिए नोटिस भेजा जाएगा।
निर्देशक की ओर से अभी कोई बयान नहीं
चिदंबरम एस पोडुवाल मलयालम फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने निर्देशक और लेखक हैं। उन्होंने 2021 में 'जन.ई.मैन' का निर्देशन किया था। लेकिन उन्हें असली पहचान 'मंजुम्मेल बॉयज' से मिली। फिलहाल, इस मामले पर उनकी ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता
'मंजुम्मेल बॉयज' मलयालम सिनेमा की बड़ी हिट फिल्मों में से एक है। इस फिल्म ने 200 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की और सर्वाधिक कमाई करने वाली मलयालम फिल्मों में शामिल हो गई। इसने पहले रिलीज हुई फिल्म '2018' का रिकॉर्ड भी तोड़ा था। बाद में 'L2: एम्पुरान' ने इसे पीछे छोड़ दिया। फिल्म को क्रिटिक्स ने भी खूब पसंद किया था। जिसके बाद इसे वर्ड ऑफ माउथ का फायदा भी मिला था।
अवॉर्ड्स में भी मिली पहचान
फिल्म में सौबिन शाहीर, श्रीनाथ भासी, दीपक परंबोल, बालू वर्गीज, गणपति एस पोडुवाल और लाल जूनियर जैसे कलाकार नजर आए थे। इसे 55वें केरल स्टेट फिल्म अवॉर्ड्स में 10 पुरस्कार मिले। साथ ही 70वें फिल्मफेयर अवॉर्ड्स साउथ में इसे सर्वश्रेष्ठ मलयालम फिल्म का खिताब भी मिला।
फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है। आगे की कार्रवाई पूछताछ और सबूतों के आधार पर तय की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications