बॉलीवुड फैंस से के लिए राहत की खबर, धर्मेंद्र के बाद ये लीजेंड भी अस्पताल से घर लौटे
92 वर्षीय बॉलीवुड अभिनेता प्रेम चोपड़ा को लीलावती अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। लगभग एक सप्ताह पहले उन्हें वायरल इन्फेक्शन और उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण भर्ती कराया गया था। अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी और उचित इलाज के बाद अब उनकी स्थिति स्थिर है और वे आराम के लिए घर लौट आए हैं। उनके प्रशंसकों के लिए यह बड़ी राहत की खबर है कि वरिष्ठ अभिनेता स्वास्थ्य लाभ की ओर बढ़ रहे हैं।

हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. नितिन गोखले ने उनके डिस्चार्ज की पुष्टि की। परिवार द्वारा भी बताया गया कि प्रेम चोपड़ा सुरक्षित रूप से घर पहुंच चुके हैं। इलाज के दौरान वे डॉ. गोखले की देखरेख में थे, वहीं लीलावती अस्पताल के डॉक्टर जलील पारकर ने पहले ही जानकारी दी थी कि उन्हें दिल से जुड़ी बीमारी के साथ वायरल इन्फेक्शन भी था, जिसकी वजह से उनके फेफड़ों का विशेष उपचार किया जा रहा था। डॉ. पारकर ने यह स्पष्ट किया था कि अभिनेता आईसीयू में नहीं, बल्कि सामान्य वार्ड में भर्ती थे और कुछ दिनों में स्वस्थ होकर घर लौट आएंगे, जो अब सच साबित हुआ।
प्रेम चोपड़ा हिंदी सिनेमा में खलनायक की भूमिकाओं के लिए विशेष रूप से पहचाने जाते हैं। छह दशक लंबे अपने फिल्मी सफर में उन्होंने 380 से अधिक फिल्मों में काम किया और अपनी विशिष्ट शैली व संवाद अदायगी से दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ी। 60 और 70 के दशक में उनका करियर चरम पर था। उनकी चर्चित फिल्मों में वो कौन थी? (1964), उपकार (1967), दो रास्ते (1969), कटी पतंग (1970), बॉबी (1973), दो अनजाने (1976), त्रिशूल (1978), दोस्ताना (1980) और क्रांति (1981) शामिल हैं। इन फिल्मों ने उन्हें इंडस्ट्री के सबसे भरोसेमंद कलाकारों में स्थान दिलाया।
इसी बीच, दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की तबीयत भी हाल ही में बिगड़ गई थी, जिसके चलते उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कई दिनों तक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी देकर घर भेज दिया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है। उनके निधन की अफवाहों को बेटी ईशा देओल ने पूरी तरह खारिज किया था। फिलहाल धर्मेंद्र अपने 'सनी विला' में डॉक्टर्स की निगरानी में आराम कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications