90 के दशक की हिट एक्ट्रेस ममता कुलकर्णी बनीं महामंडलेश्वर, किन्नर अखाड़े से मिली नई पहचान, ये होगा नया नाम
Mamta Kulkarni: ममता कुलकर्णी मतलब गैंग्सटर, क्रांतिवीर, करण अर्जुन, चाइना गेट और किला जैसी फिल्मों की एक्ट्रेस। 90 के दशक में ममता कुलकर्णी ने अपनी जबरदस्त पहचान बनाई थी। अब उन्होंने सन्यास ले लिया है। किन्नर अखाड़े में आज 24 जनवरी की शाम उनका पट्टाभिषेक होगा। इसका बाद वो ममता नंद गिरि के नाम से जानी जाएंगी। ममता आज सुबह ही प्रयागराज के महाकुंभ मेले में पहुंचीं थी। इस दौरान वो पूरे भगवा रंग में रंगी नजर आईं।
उनके गले में में रुद्राक्ष की माला और कंधे पर झोला था। इसी भेष में उन्होंने किन्नर अखाड़े में एंट्री ली थी। यहां उन्होंने आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी से मुलाकात भी की। ममता ने कहा, महाकुंभ में आना मेरे लिए बड़े ही सौभाग्य की बात है। यहां की भव्यता मेरे जीवन का यादगार लम्हा है। मैं महाकुंभ के अवसर पर साक्षी बन रही हूं, ये मेरे लिए सौभाग्य की बात है।

हिट एक्ट्रेस रहने के बाद वो पिछले 24 साल से एक गुमनाम जिंदगी जी रही थी। ममता साल 2000 में भारत छोड़ विदेश शिफ्ट हो गईं थी। पिछले साल न्यूज एजेंसी IANS से इस विषय पर ममता ने बात की थी। तब उन्होंने कहा था, मैं भारत अध्यात्म की वजह से आई थी। मेरा अध्यात्म की तरफ झुकाव 1996 से ही रहा है। उन दिनों मेरी मुलाकात गुरु गगन गिरी महाराज से हुई थी। उसके बाद मेरी रुचि अध्यात्म को लेकर और बढ़ गई। इसके बाद मैंने तपस्या शुरू कर दी। बॉलीवुड ने मुझे पहचान और नाम दिया, लेकिन मेरा इससे साथ छूट गया है। बॉलीवुड में दोबारा एंट्री पर ममता ने कहा था, मुझे अब इसमें या किसी और में इंट्रेस्ट नहीं है। मेरी उम्र भी बॉलीवुड में दोबारा आने की नहीं है।
बता दें, ममता का नाम 2016 के बीच 2000 करोड़ के ड्रग्स मामले में आया था। उनका नाम विक्की गोस्वामी (ड्रग माफिया) के साथ भी जोड़ा गया था। पुलिस ने दावा किया था कि ममता 2016 में केन्या के होटल ब्लिस में हुई मीटिंग में मौजूद थी। हालांकि ममता ने हमेशा ही इन आरोपों को सिरे से नकारा था। बाद में बॉम्बे हाई कोर्ट ने भी उन्हें निर्दोष बताया था।












Click it and Unblock the Notifications