रणबीर कपूर की राह पर निकले विक्की कौशल, अमर कौशिक की 'महावातर' के लिए कर रहे त्याग
विक्की कौशल अपनी अगली फिल्म 'महावतार' को लेकर जबरदस्त चर्चा में हैं। 'छावा' की सफलता के बाद वे अब अपने करियर की सबसे चुनौतीपूर्ण भूमिकाओं में से एक निभाने जा रहे हैं। यह फिल्म पौराणिक किरदार भगवान परशुराम पर आधारित होगी, जिसमें विक्की इस दिव्य योद्धा का रूप धारण करेंगे। फिल्म का निर्माण मशहूर निर्माता दिनेश विजान कर रहे हैं, जबकि निर्देशन की जिम्मेदारी 'स्त्री 2' फेम अमर कौशिक संभाल रहे हैं।

शुरू होने से पहले लिया आध्यात्मिक संकल्प
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के प्री-प्रोडक्शन के दौरान विक्की कौशल और निर्देशक अमर कौशिक ने एक विशेष फैसला लिया है। दोनों ने 'महावतार' की तैयारी के दौरान शराब और मांसाहारी भोजन से दूर रहने का संकल्प लिया है। यह निर्णय उन्होंने फिल्म की पवित्रता और अपने किरदार की गहराई को बेहतर तरीके से समझने के लिए लिया है। टीम का मानना है कि ऐसा करने से उनका फोकस पूरी तरह फिल्म पर रहेगा और वे इस पौराणिक कथा को ज्यादा सच्चाई के साथ पर्दे पर उतार पाएंगे।
प्री-प्रोडक्शन जोरों पर, अगले साल होगी पूजा सेरेमनी
बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट के अनुसार, फिलहाल 'महावतार' का प्री-प्रोडक्शन जोरों पर है। मेकर्स फिल्म की स्क्रिप्ट, सेट डिज़ाइन और विज़ुअल इफेक्ट्स पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। फिल्म की पूजा सेरेमनी अगले साल के मध्य में आयोजित की जाएगी, जबकि शूटिंग 2026 में शुरू होने की योजना है। मेकर्स इसे 2028 में बड़े पैमाने पर रिलीज करने की तैयारी में हैं। उम्मीद की जा रही है कि यह फिल्म भारतीय सिनेमा में पौराणिक कथाओं की भव्यता को एक नए स्तर पर ले जाएगी।
विक्की का व्यस्त शेड्यूल और आने वाले प्रोजेक्ट्स
इस समय विक्की कौशल संजय लीला भंसाली की फिल्म 'लव एंड वॉर' की शूटिंग में व्यस्त हैं। इस फिल्म में उनके साथ आलिया भट्ट और रणबीर कपूर मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। 'लव एंड वॉर' अगले साल जून 2026 में रिलीज होने की उम्मीद है। फैंस विक्की कौशल के इस नए और दिव्य किरदार को लेकर बेहद उत्साहित हैं। उनका मानना है कि परशुराम के रूप में विक्की का ट्रांसफॉर्मेशन भारतीय सिनेमा में एक यादगार भूमिका साबित होगा।












Click it and Unblock the Notifications