'पिता के अंतिम संस्कार के लिए नहीं थे पैसे, लेकिन...', पिता को याद कर फूट-फूटकर रोए साजिद खान, हुआ बुरा हाल
बिग-बॉस 16 के लेटेस्ट एपिसोड में साजिद खान अपने पिता कामरान खान को याद कर इमोशनल हो गए।
Sajid Khan Emotional: सलमान खान के शो 'बिग-बॉस 16' में अक्सर कंटेस्टेंट के बीच गहमागहमी देखने को मिलती है। लेकिन इस बीच शो में कुछ ऐसा हुआ जिसे देखकर हर किसी की आंखे नम हो गईं। दरअसल, एक टास्क के दौरान अर्चना गौतम ने कुछ ऐसा कह दिया, जिससे साजिद खान आपा खो बैठे। दोनों के बीच जमकर लड़ाई हुई और फिर साजिद खान बाद में अचानक रोने लग गए। चलिए जानते हैं आखिर ये पूरा मामला क्या है।

साजिद खान पिता को याद कर हुए भावुक
साजिद खान का नाम पिछले कुछ दिनों से मीटू विवादों में फंसा है। वहीं शो में साजिद अक्सर मस्ती करते हुए दिखाई देते हैं। वह सभी कंटेस्टेंट के साथ हंसी-मजाक करते हैं। लेकिन इस बार लेटेस्ट एपिसोड में हंसी मजाक करने वाले साजिद अपने पिता कामरान खान को याद कर भावुक हो गए।

अर्चना गौतम ने पिता को लेकर कही ऐसी बात
दरअसल, अर्चना गौतम ने साजिद खान के पिता को लेकर ऐसा कमेंट कर दिया जिससे साजिद खान भावुक हो गए। आपको बता दें कि, साजिद खान ने बेहद कम उम्र में अपने पिता कामरान खान को खो दिया था। ऐसे में अर्चना गौतम के इस कमेंट से साजिद खान के दिल पर चोट करना स्वाभाविक था।

साजिद के पिता की इस वजह से हुई मौत
अर्चना से हुई लड़ाई के बाद साजिद खान एक कोने पर बैठकर रोने लगते हैं। तभी उन्होंने अन्य कंटेस्टेंट्स को रोते हुए बताया कि, किस तरह उनके पिता की शराब पीने की आदत से उनकी मौत हुई। साजिद ने ये भी बताया कि उस दौरान उनके पास इतने भी पैसे नहीं थे कि वह अपने पिता का अंतिम संस्कार तक कर सकें। उनका बचपन बेहद गरीबी से गुजरा जिसकी वजह से उन्होंने अपना पूरे बचपन में काफी बुरा वक्त देखा।

सलमान खान के पिता ने की अंतिम संस्कार में मदद
साजिद खान ने अपने उन दिनों को याद कर कहा कि, 'एक 14 साल का बच्चा रिक्शा पकड़कर जा रहा है। रिश्तेदारों के घर यह बताने कि डैडी ऑफ हो गए हैं। कुछ हो सकता है क्या? और एक रिश्तेदार तो ऐसा भी था, जिसने अपने नौकर को कहा कि बोल दो मैं घर पर नहीं हूं। फिर मम्मी की तरफ के रिश्तेदारों ने पापा की मय्यत के लिए मदद की। लेकिन जिस आदमी ने हेल्प की वो थे सलमान खान के पिता सलीम अंकल थे।

अंतिम संस्कार के नहीं थे पैसे
साजिद खान ने आगे बताया कि, 'मेरे डैडी की मौत दारू ज्यादा पीने से हुई थी और उनका पूरा लीवर ही फट गया था। पापा बिस्तर पर लेटे थे और उनकी आंख से खून निकलने लगा बस उसके 2 मिनट में ही वह बिस्तर में गुजर गए। जहां पर मैंने दफनाया था वहां सलीम अंकल आए थे और उन्होंने मुझे इसके लिए पैसे दिए'।

साजिद खान हैं सबसे स्ट्रांग कंटेस्टेंट
साजिद खान को इस तरह रोता देख सभी कंटेस्टेंट उन्हें चुप कराने लगते हैं। ऐसा पहली बार हुआ जब साजिद खान इस तरह से अपने इमोशन्स खो बैठे। वहीं शो की बात करें तो, साजिद अब उन कंटेस्टेंट में शामिल हैं जो अपने बेबाक अंदाज के लिए जाने जाते हैं। वह हर मुद्दे पर अपनी राय खुलकर रखते हैं।












Click it and Unblock the Notifications