सांसद बनने के बाद निरहुआ की पहली फिल्म होने जा रही रिलीज, इस मूवी में आएंगे नजर
भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार और हाल ही में आजमगढ़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद बने दिनेशलाल यादव उर्फ निरहुआ एक नई फिल्म में लीड हीरो के तौर पर नजर आने वाले हैं।
बिहार, 29 जूनः भोजपुरी की सुपरहिट फिल्में 'बॉस', 'हुकुमत', 'आशिक आवारा' के प्रोड्यूसर प्रेम राय की नई फिल्म 'फसल' अगस्त में रिलीज होने वाली है। प्रेम राय ने खुद इसकी जानकारी देते हुए बताया कि यह फिल्म देश के किसानों पर आधारित है। इसमें भोजपुरी सिनेमा के जुबली स्टार और हाल ही में आजमगढ़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद बने दिनेशलाल यादव उर्फ निरहुआ लीड हीरो के तौर पर नजर आने वाले हैं। उनके साथ इस फिल्म में एक्ट्रेस आम्रपाली दुबे भी दिखाई देंगी। इस फिल्म के निर्देशक पराग पाटिल हैं। इस फिल्म के सभी राइट्स पहले ही वर्ल्ड वाइड रिकॉर्ड्स ने खरीद लिए हैं।

भारत के किसानों पर बनीं फिल्म
फिल्म के बारे में प्रेम राय ने बताया कि 'फसल' विशुद्ध किसानों पर बनी एक शानदार भोजपुरी मूवी है। उन्होंने कहा- मुझे लगता है कि भोजपुरी ही नहीं, भारतीय सिनेमा में लंबे समय बाद किसानों को लेकर बनने वाली यह फिल्म है, जिसे हमने बनाने का प्रयास किया है। फिल्म को हमने लखनऊ में शूट किया है और अब यह रिलीज के पहले की प्रक्रिया में हैं। उन्होंने बताया- हमारी फिल्म की कहानी देश के किसानों की कई अनकही पहलुओं को दर्शकों तक पहुंचाएगी और वास्तविकता से रूबरू कराएगी। उन्बोंने कहा कि इस फिल्म को बनाने में सभी ने बहुत मेहनत की है।
फिल्म में हैं 8 गाने
आपको बता दें कि प्रेम राय की फिल्म 'फसल' का निर्माण श्रेयस फिल्म प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले किया गया है। इस फिल्म में 8 शानदार गाने भी हैं। फिल्म में दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ और आम्रपाली दुबे के साथ नीलम गिरी, छोटी सिंह, संजय पांडेय, अयाज खान जैसे कलाकार भी नजर आने वाले हैं। इस फिल्म की कहानी राकेश त्रिपाठी की है। वहीं इस फिल्म के संगीतकार ओम झा हैं।












Click it and Unblock the Notifications