भाभी जी घर पर हैं में अब दिखेंगी नई 'गोरी मेम', इस वजह से शो छोड़ रही हैं नेहा पेंडसे
मुंबई, 04 फरवरी। टीवी पर लोकप्रिय सीरियल भाभी जी घर पर हैं के चाहने वालों के लिए एक बुरी खबर है। दरअसल शो में गोरी मैम की भूमिका निभाने वाली नेहा पेंडसे अब शो में नजर नहीं आएंगी। नेहा शो में अनीता मिश्रा का किरदार निभाती हैं। लेकिन अब वह इस कॉमेडी शो से अलग हो रही हैं। ऐसे में शो के निर्माताओं के पास नेहा पेंडसे की जगह गोरी मेम की भूमिका के लिए नई अभिनेत्री की तलाश की जा रही है। बता दें कि भाभी जी घर पर हैं शो टीवी पर तकरीबन सात साल से आ रहा है, जिसमे दो महिलाएं मुख्य भूमिका में हैं और दोनों ही किरदार को निभाने वाली एक्ट्रेस पहले भी शो को छोड़ चुकी हैं।

इस वजह से छोड़ रही हैं शो
नेहा पेंडसे से पहले अनीता के किरदार को सौम्या टंडन निभा रही थीं, वह शो में आसिफ शेख यानि विभूति नारायण की पत्नी की भूमिका में थीं। लेकिन सौम्या ने पिछले साल शो को छोड़ दिया और मैटर्निटी लीव पर चली गईं। बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के अनुसार शो के साथ नेहा का एक साल का करार अप्रैल माह में खत्म हो रहा है और वह इस कॉन्ट्रैक्ट को आगे नहीं बढ़ाना चाहती हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि नेहा को सेट पर शूट के लिए काफी सफर करना पड़ता है, जिसमे उनका काफी अधिक समय जाता है। घर से सेट तक पहुंचने में काफी समय लगने की वजह से नेहा शो से अलग होना चाहती हैं। नेहा अपनी सेहत को देखते हुए इस शो के कॉन्ट्रैक्ट को आगे नहीं बढ़ाना चाहती हैं।

शो निर्माताओं से नहीं बनी बात
हालांकि शो के निर्माताओं ने नेहा से कहा है कि वह इसमे उनकी मदद कर सकते हैं लेकिन फिर भी नेहा शो के साथ अपने कॉन्ट्रैक्ट को आगे नहीं बढ़ाना चाहती हैं। बता दें कि शो में शुभांगी आत्रे भी हैं जोकि अंगूरी भाभी का किरदार निभा रही हैं। 2016 में शिल्पा शिंदे के अलग होने के बाद से शुभांगी शो का हिस्सा हैं। शुभांगी मनमोहन तिवारी की पत्नी का किरदार निभा रही हैं। जबकि मनमोहन तिवारी का किरदार रोहिताश गौड़ निभा रहे हैं।

शुरू हो चुके हैं ऑडीशन
रिपोर्ट के अनुसार शो के निर्माता नए अभिनेत्री की तलाश कर रहे हैं जो अनीता भाभी के किरदार को बखूबी निभा सके। इस रोल के लिए ऑडिशन भी शुरू हो चुके है। ऐसे में माना जा रहा है कि दर्शकों को जल्द ही शो पर अनीता भाभी के किरदार में नई अभिनेत्री देखने को मिल सकती है। बता दें कि शो का सेट उत्तर प्रदेश के कानपुर में है, जहां दोनों भाभियां पड़ोस में रहती हैं। शो में राकेश बेदी, योगेश त्रिपाठी, विश्वजीत सोनी और अन्य अभिनेता भी हैं।












Click it and Unblock the Notifications