Bell Bottom: लारा का रहा है पूर्व PM इंदिरा गांधी से खास कनेक्शन, अभिनेत्री ने खुद किया खुलासा
नई दिल्ली, 06 अगस्त। इन दिनों पू्र्व ब्रह्मांड सुंदरी लारा दत्ता अपनी आने वाली फिल्म 'बेल बॉटम' को लेकर चर्चा में हैं। लारा दत्ता इसमें पूर्व PM इंदिरा गांधी के लुक में नजर आ रही हैं। लारा दत्ता के लुक को देखकर हर कोई हैरान है। तो वहीं इसी बीच लारा दत्ता ने इंदिरा गांधी को लेकर एक बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने कहा है कि उनका और इंदिरा गांधी का एक खास रिलेशन रहा है,जिसके बारे में बहुत सारे लोग नहीं जानते हैं।

लारा का रहा है पूर्व PM इंदिरा गांधी से खास कनेक्शन
पिंकविला से बात करते हुए लारा दत्ता ने कहा कि 'मेरे पिता विंग कमांडर एल.के. दत्ता, पूर्व PM इंदिरा गांधी के पर्सनल पायलट थे, इसलिए इंदिरा गांधी जी के बारे में मुझे काफी कुछ पता है। बचपन से इंदिरा गांधी के बारे में सुनती आई हूं लेकिन नहीं पता था कि एक दिन मैं उनके जैसी महान और खास पर्सनैलिटी का रोल निभाऊंगी।'

इंदिरा गांधी का लुक पाने के लिए करना पड़ता था घंटों मेकअप
आपको बता दें कि फिल्म में इंदिरा गांधी का लुक पाने के लिए उन्हें रोज तीन घंटे मेकअप करने में लगते थे। लारा ने कहा कि ये उनके करियर का चैलेंजिंग रोल है। जब उनके पति और बेटी ने उनके इस लुक को देखा तो वो दोनों उन्हें पहचान ही नहीं पाए। उनके पति ने कहा कि वो उन्हें गले नहीं लगा सकते क्योंकि वो उन्हें अपनी जैसी नहीं लग रही।
विमान के हाईजैक की रीयल घटना पर आधारित
आपको बता दें कि 19 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली फिल्म 'बेल बॉटम' साल 1984 के वक्त हुए विमान के हाईजैक की रीयल घटना पर आधारित है। इस फिल्म के डायरेक्टर रंजीत एम तिवारी हैं। इस फिल्म के निर्माता वाशु भगनानी, जैकी भगनानी, दीपशिखा देशमुख, मोनिशा आडवाणी, मधु भोजवानी,निखिल आडवाणी,पूजा फिल्म्स और एम्मी एंटरटेनमेंट हैं। फिल्म में लारा के साथ अक्षय कुमार, हुमा कुरैशी, वाणी कपूर भी हैं।

लारा दत्ता के बारे में जानिए ये बातें
साल 2000 में मिस यूनिवर्स का खिताब अपने नाम करने वाली लारा दत्ता ने बॉलीवुड में फिल्म ' अंदाज' से कदम रखा था। उनके कोस्टार अक्षय कुमार ही थे। ये फिल्म सुपरहिट थी। इसके बाद वो मस्ती, नो एन्ट्री, काल, भागम भाग, पार्टनर, हाउसफुल, और चलो दिल्ली जैसी फिल्मों में नजर आ चुकी हैं।

महेश भूपति की पत्नी हैं लारा दत्ता
लारा का जन्म 16 अप्रैल 1978 को उत्तर प्रदेश के गाज़ियाबाद जिले में हुआ था। लारा के पिता पंजाबी और मां ऐंग्लो इंडियन है। उनकी दोनों बहनें भी इंडियन एयर फोर्स की कर्मचारी के रोल में देश की सेवा कर रही हैं।साल 2011 में लारा ने टेनिस खिलाड़ी महेश भूपति से शादी की थी और आज वो एक बेटी की मां हैं।












Click it and Unblock the Notifications