B Praak Death Threat: '10 Crore दे', सिंगर बी-प्राक को लॉरेंस बिश्नोई का धमकी भरा कॉल, क्या है मामला?
B Praak Death Threat: देश में कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग (Lawrence Bishnoi Gang) का आतंक एक बार फिर सामने आया है। इस बार गैंग के निशाने पर आए हैं पंजाबी सिंगर दिलनूर (Dilnoor), जिन्हें 10 करोड़ रुपये की जबरन उगाही की धमकी दी गई है। चौंकाने वाली बात ये है कि ये धमकी सीधे दिलनूर को नहीं बल्कि बॉलीवुड के फेमस सिंगर बी प्राक के नाम का इस्तेमाल करते हुए दी गई है।
भेजा गया धमकी भरा वॉयस मैसेज
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक गत 5 जनवरी 2026 को दिलनूर को दो बार अनजान विदेशी नंबर से कॉल किया गया। इसके बाद 6 जनवरी 2026 को फिर से कॉल आया, जिसे दिलनूर ने उठाया था। बातचीत संदिग्ध लगने पर उन्होंने कॉल काट दी थी। इसके तुरंत बाद एक वॉयस मैसेज भेजा गया, जिसने पूरे मामले को सनसनीखेज बना दिया।

'एक हफ्ते में 10 करोड़ रुपए दे दे नहीं तो...'
-पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वॉयस मैसेज में कॉलर ने खुद को आरजू बिश्नोई बताया था जो कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए काम करता है और फिलहाल विदेश में छिपा हुआ है।
-धमकी वाले वॉयस मैसेज में कहा गया था- सिंगर बी प्राक को मैसेज दे देना, 10 करोड़ रुपए चाहिए। एक हफ्ते का टाइम है। जिस भी देश में जाएगा, आसपास का कोई भी मिल गया तो नुकसान कर देंगे। इसे फेक कॉल मत समझना, नहीं दिया तो मिट्टी में मिला देंगे। इस धमकीभरे मैसेज के बाद सिंगर बी प्राक और उनके परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है।
क्यों लिया गया सिंगर बी प्राक का नाम?
बी प्राक न सिर्फ पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री बल्कि बॉलीवुड में भी एक बड़ा नाम हैं। उनके कई गाने सुपरहिट रहे हैं और उनकी पॉपुलैरिटी देश-विदेश तक फैली हुई है। ऐसे में गैंग द्वारा उनके नाम का इस्तेमाल कर दबाव बनाना, एक सोची-समझी रणनीति मानी जा रही है।
दिल्ली में गोलीबारी से फैला खौफ
-आपको बता दें कि नए साल की शुरुआत से ही लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने दिल्ली में दहशत फैलाई हुई है। साल 2026 के शुरुआत में ही लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्यों ने दिल्ली के रोहिणी इलाके में एक बिजनेसमैन के घर के बाहर 25 राउंड फायरिंग करवाई थी।
-इसके बाद उन्होंने दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में एक बड़े जिम को निशाना बनाया था। वहीं पूर्वी दिल्ली में भी एक व्यापारी पर हमला किया गया था। हर मामले में तरीका एक जैसा रहा था- पहले फोन पर धमकी, फिर घर या दुकान के बाहर फायरिंग करवाना।
दिल्ली पुलिस की कार्रवाई और बदमाश गिरफ्तार
हालांकि दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मामलों में शामिल बदमाशों को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल बिश्नोई गैंग से जुड़े अन्य लोगों की तलाश अभी भी जारी है और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं।












Click it and Unblock the Notifications