Arijit Singh Controversy: सलमान के अलावा इन पंगों में भी फंस चुके हैं अरिजीत सिंह, ये हैं सिंगर के टॉप विवाद
Arijit Singh Controversy: बॉलीवुड के सबसे लोकप्रिय प्लेबैक सिंगर्स में शुमार अरिजीत सिंह ने मंगलवार, 27 जनवरी 2026 को अपने प्रशंसकों को चौंकाते हुए बड़ा फैसला साझा किया। सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए उन्होंने घोषणा की कि अब वह बतौर प्लेबैक सिंगर कोई नया असाइनमेंट नहीं लेंगे। अरिजीत ने साफ किया कि वह अपनी गायकी की इस यात्रा को यहीं विराम दे रहे हैं।

सादगी और आवाज़ से बनी अलग पहचान
अरिजीत सिंह अपनी रूह को छू लेने वाली आवाज़ और बेहद सादा जीवनशैली के लिए जाने जाते हैं। वह अक्सर लाइमलाइट से दूरी बनाए रखते हैं, लेकिन उनकी ईमानदार बातें और कुछ अनपेक्षित घटनाएं कई बार विवादों का कारण भी बनीं। अपने करियर में उन्होंने कम बोलकर और ज़्यादा गाकर पहचान बनाई, फिर भी कुछ मौके ऐसे रहे जब वे सुर्खियों में आ गए।
सलमान खान से जुड़ा सबसे चर्चित विवाद
अरिजीत के करियर का सबसे बड़ा विवाद सलमान खान से जुड़ा रहा। 2014 के एक अवॉर्ड शो में चप्पल पहनकर पहुंचे अरिजीत पर सलमान ने मंच से हल्का-फुल्का तंज कसा। थकान में दिए गए अरिजीत के जवाब को सलमान ने अपमानजनक मान लिया। इसके बाद फिल्म 'सुल्तान' से उनका गाया गाना हटवा दिया गया। अरिजीत का सार्वजनिक माफीनामा वायरल हुआ, लेकिन मनमुटाव लंबे समय तक बना रहा।
नौ साल बाद हुई सुलह
साल 2023 में दोनों के रिश्तों में सुधार देखने को मिला, जब अरिजीत सलमान के घर के बाहर नजर आए और फिल्म 'टाइगर 3' के लिए गाना गाया। अब खबर है कि सलमान की आगामी फिल्म 'बैटल ऑफ गलवान' के लिए गाया गया गीत अरिजीत के प्लेबैक करियर का आखिरी गाना होगा।
'पसूरी' रीमेक पर उठा विवाद
फिल्म 'सत्यप्रेम की कथा' में पाकिस्तानी हिट गाने 'पसूरी' का रीमेक गाने पर अरिजीत को भारी आलोचना झेलनी पड़ी। दोनों देशों के श्रोताओं ने ओरिजिनल से छेड़छाड़ का आरोप लगाया। बाद में अरिजीत ने बताया कि यह गाना चैरिटी उद्देश्य से किया गया था, जिससे विवाद कुछ हद तक शांत हुआ।
कॉन्सर्ट में प्रशंसक से टकराव
औरंगाबाद के एक शो में एक महिला प्रशंसक द्वारा ज़ोर से हाथ खींचे जाने पर अरिजीत को चोट लग गई। उन्होंने शांत लेकिन सख्त शब्दों में प्रशंसकों को मर्यादा का महत्व समझाया। उनका यह रवैया सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में रहा।
राजनीतिक रंग में भी फंसा नाम
2022-23 में कोलकाता फिल्म फेस्टिवल में 'गेरुआ' गाना गाने के बाद उनका एक कॉन्सर्ट रद्द हुआ, जिसे राजनीतिक विवाद से जोड़ा गया। अरिजीत ने इसे रंगों से जुड़ी बेवजह की बहस बताया।












Click it and Unblock the Notifications