दिवंगत अभिनेता अनुपम श्याम ने आमिर खान से मांगी थी ये मदद, लेकिन उनकी इच्छा पूरी नहीं हो सकी
सोमवार को जाने माने अभिनेता अनुपम श्याम का मल्टी ऑर्गन फेलियर के कारण निधन हो गया। बीते चार दिनों से वह अस्पताल में भर्ती थे। अनुपम श्याम ने छोट-बड़े पर्दे पर काफी लोकप्रिय किरदार निभाए।
मुंबई, 10 अगस्त। सोमवार को जाने माने अभिनेता अनुपम श्याम का मल्टी ऑर्गन फेलियर के कारण निधन हो गया। बीते चार दिनों से वह अस्पताल में भर्ती थे। अनुपम श्याम ने छोट-बड़े पर्दे पर काफी लोकप्रिय किरदार निभाए। मन की आवाज प्रतिज्ञा सीरियल में ठाकुर सज्जन सिंह का किरदार निभाकर उन्होंने खूब प्रसिद्धि बटोरी। सीरियल के अलावा उन्होंने कई सुपरहिट फिल्मों जैसे परजानिया, बैंडिट क्वीन, लगान, दिल से, नायक और स्लमडॉग मिलियनेयर में काम किया।

आमिर खान से किया था डायलिसिस सेंटर का अनुरोध
बता दें कि अनुपम श्याम पिछले 5 सालों से किडनी की बीमारी से जूझ रहे थे, यहां तक की उनके परिवार ने उनके इलाज के लिए आर्थिक मदद भी मांगी। अनुपम श्याम के भाई अनुराग ने खुलासा किया है कि दिवंगत अभिनेता ने बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान से भी मुलाकात की थी और उनसे उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में एक डायलिसिस सेंटर दिलाने का अनुरोध किया, ताकि वह वहां अपनी मां से मिल सकें।

योगी आदित्यनाथ समेत कई लोगों ने की आर्थिक मदद
उन्होंने कहा, 'जब हम उनका बेहतर इलाज कराने में असमर्थ हो गए तो सीएम योगी आदित्यनाथ समेत कई लोगों ने हमें आर्थिक मदद भेजी। मैंने अनुपम को अपने फोन पर प्रशंसकों के मेसेज दिखाए, प्रशंसकों का प्यार देखकर अनुपम की आंखें भर आईं। वह काफी देर तक रोते रहे।' अनुराग ने आज तक को दिए साक्षात्कार में ये जानकारी दी। अनुराग ने कहा कि प्रतापगढ़ में डायलिसिस सेंटर न मिलने के कारण पिछले महीने अपनी मां के अंतिम संस्कार में शामिल न होने की वजह से वह ज्यादा टूट गए थे। उन्होंने आमिर खान से उनके गृह नगर प्रतापगढ़ में एक डायलिसिस सेंटर उपलब्ध कराने की मांग की थी, आमिर ने उन्हें डायलिलिस सेंटर उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिया था, लेकिन उनके जीते जी उनकी यह इच्छा पूरी नहीं हो सकी। साथ ही जब उनको पता चला कि उनका शो मन की आवाज प्रतिज्ञा 2 जल्द ही बंद हो सकता है, तो उनकी तबीयत और बिगड़ गई।

इस खबर को सुनकर हो गए थे काफी परेशान
अभिनेता के भाई ने बताया कि वह अपने काम को लेकर जुनूनी थे, इसलिए जब उन्हें पता चला कि उनका शो बंद हो सकता है तो उन्हें पैसे को लेकर चिंता होने लगी। अनुपम श्याम को किडनी से संबंधित बीमारी थी, लेकिन डॉक्टर द्वारा बताई गई मात्रा से अधिक पानी पीने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी तबीयत में सुधार देखा जा रहा था, डॉक्टर न उन्हें वेंटिलेटर से भी हटा दिया था, लेकिन उसके बाद उनका ब्लड प्रेशर गिर गया जिसकी वजह से उन्हें अटैक आया और उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications