'ऐसा दर्द कि शब्द नपुंसक महसूस होते हैं', पहलगाम आतंकी हमले पर फूटा अनुपम खेर का गुस्सा
Anupam Kher On Pahalgam Attack: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में गत 22 अप्रैल 2025 (मंगलवार) को पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है। पहलगाम के बैसरन इलाके में कई पर्यटकों पर आतंकवादियों ने जमकर गोलियां बरसाईं और उन्हें मौत के घाट उतार दिया।
आतंकियों ने पर्यटकों पर बरसाईं गोलियां
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार आतंकियों ने पहले वहां मौजूद पर्यटकों से उनका धर्म पूछा और फिर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस घटना में अब तक 26 लोगों की मौत की पुष्टि हो गई है और कई घायल हैं। खबर है कि इस आतंकी हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा ने ली है।

अनुपम खेर ने आतंकी हमले की कड़े शब्दों में की आलोचना
अनुपम खेर ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़े शब्दों में आलोचना की है। उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा है- गलत, गलत, गलत !!! पहलगाम हत्याकांड!! शब्द आज नपुंसक हैं!! उन्होंने इस हमले को लेकर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने कहा है- आज जो पहलगाम में हिंदुओं के साथ नरसंहार हुआ है। 27 हिंदुओं को मारा गया है, चुन-चुनकर। इससे मन में दुख तो है ही, लेकिन क्रोध और गुस्से की इंतहा की कोई सीमा नहीं है।
अनुपम खेर ने कहा- कश्मीरी हिंदुओं के साथ ऐसा ही हुआ था
अनुपम खेर ने आगे कहा है- मैंने अपनी जिंदगी में ये सब बहुत देखा है। कश्मीरी हिंदुओं के साथ ऐसा होते हुए कश्मीर में। 'कश्मीर फाइल्स' उसी की हल्की सी एक कहानी थी, जिसे कई सारे लोगों ने प्रोपेगेंडा बोला था, लेकिन अब हिंदुस्तान से आए अलग-अलग इलाकों से, कश्मीर में छुट्टियां बिता रहे अपने बच्चों के साथ, अपने परिवार वालों के साथ, उन्हें चुनकर, उनका धर्म तय करके, पूछकर उन्हें मार दिया।
'कभी-कभी शब्द नपुंसक महसूस होते हैं'
अनुपम खेर ने वीडियो में आगे कहा है- शब्द नहीं है। कभी-कभी शब्द अधूरे, नपुंसक महसूस होते हैं। क्योंकि जो महसूस कर रहे हैं, वो बहुत ज्यादा है। मैं उस महिला की तस्वीर भूल नहीं सकता, जो अपने पति के शव के पास बैठी है। मैं उन महिला का इंटरव्यू सुन रहा था, जिनके पति को मारा तो उन्होंने कहा कि मुझे भी मार दो, लेकिन नहीं किया, शायद कोई पैगाम पहुंचाना चाहते थे।
अनुपम खेर ने सरकार से की ऐसी अपील
अनुपम खेर ने आगे कहा- मैं देश के पीएम नरेंद्र मोदी जी से, अमित शाह जी से और पूरी सरकार से हाथ जोड़कर विनती करना चाहता हूं कि इस बार ऐसा सबक सिखाया जाए आतंकवादियों को कि अगले 7 जन्म तक ये ऐसी हरकत करने के लायक न रहें। ये गलत है। दुनिया के किसी भी इलाके में इस तरह का हत्याकांड गलत है।












Click it and Unblock the Notifications