अमरीश पुरी ने मौत से पहले बेटे से कही थी ऐसी बात, एक्टर के आखिरी 4 शब्द सुन हैरान हो गए थे लोग
Amrish Puri Birth Anniversary: बॉलीवुड के दमदार एक्टरों में से एक अमरीश पुरी भले ही आज इस दुनिया में जीवित नहीं है लेकिन उनके डायलॉग्स लोगों की जुबान पर चढ़े हुए हैं। उनकी बुलंद आवाज आज भी लोगों की यादों में बसी हुई है। साल 2005 में अमरीश पुरी के निधन की खबर ने सेलेब्स से लेकर लोगों को हैरान कर दिया था।
अमरीश पुरी की बर्थ एनिवर्सरी
दिवंगत एक्टर अमरीश पुरी की आज यानी 22 जून को बर्थ एनिवर्सरी है। आपको बता दें कि अमरीश पुरी न सिर्फ एक अच्छे एक्टर थे बल्कि लोग उनकी दमदार आवाज और सुडौल शरीर की भी तारीफ करते नहीं थकते थे। अमरीश पुरी ने ज्यादातर फिल्मों में नेगेटिव किरदार निभाया है और लोगों ने उसे खूब पसंद किया है। हालांकि वह अपने रियल लाइफ में बहुत ही अच्छे इंसान थे।

पत्नी उर्मिला दिवेकर के साथ अमरीश पुरी का रिश्ता
दिवंगत एक्टर अमरीश पुरी का उनकी पत्नी उर्मिला दिवेकर के साथ बहुत प्यारा रिश्ता था। उन्हें बड़े पर्दे पर खलनायक के रूप में देखा गया था, हालांकि बहुत से लोग उनके दूसरे पक्ष को नहीं जानते हैं। वह आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके रोल्स और उनकी आवाज आज भी 90 के दशक की पूरी पीढ़ी के दिल में गूंजती है।
अमरीश पुरी का भयानक एक्सीडेंट
अमरीश पुरी के बेटे राजीव पुरी ने फिल्मफेयर के साथ बातचीत में अपने पिता के आखिरी दिनों के बारे में खुलकर बात की थी और बताया था कि कैसे उन्हें मायलोइड्सप्लास्टिक सिंड्रोम का पता चला था। उन्होंने शेयर किया था कि हिमाचल प्रदेश में गुड्डू धनोआ की फिल्म 'जाल-द ट्रैप' (2003) की शूटिंग के दौरान, अमरीश पुरी का भयानक एक्सीडेंट हो गया था।
अमरीश पुरी को गंभीर चोट आई थी
अमरीश पुरी के बेटे ने बताया था कि पापा के चेहरे और आंख पर गंभीर चोटें आई थीं। उनका बहुत खून बह गया था और उन्हें ब्लड चढ़ाना पड़ा था। ब्लड चढ़ाने के दौरान अस्पताल में अमरीश पुरी के साथ कुछ गलत हो गया था जिसके कारण आने वाले समय में उन्हें मायलोडिस्प्लास्टिक सिंड्रोम हो गया था।
'पापा अपनी फिल्म को लेकर काफी उत्सुक थे'
राजीव ने आगे कहा था- इसकी शुरुआत कमजोरी और कम भूख से हुई। जब पापा को अपनी बीमारी के बारे में पता चला तो वह हिल गए थे लेकिन उनके पास दृढ़ इच्छाशक्ति थी। वह दुनिया के सामने एक मजबूत पक्ष पेश करना चाहते थे। उन्होंने आगे कहा- पापा अपनी फिल्म को लेकर काफी उत्सुक थे। जब उन्हें साल 2003 में उनकी बीमारी का पता चला तो वह काफी परेशान हो गए थे। लेकिन अस्वस्थ होने के बावजूद उन्होंने दिसंबर 2004 तक अपनी सभी फिल्में- 'कच्ची सड़क', 'मुझसे शादी करोगे', 'हलचल', 'किसना' और 'एतराज' पूरी कर ली थीं।
बिस्तर पर अमरीश पुरी ने कहे थे ये आखिरी शब्द
अमरीश पुरी के बेटे ने बताया था कि मौत से पहले उनके अंतिम शब्द क्या थे। राजीव ने कहा था- पापा थोड़े समय के लिए घर पर थे लेकिन वह बिस्तर तक ही सीमित नहीं रहना चाहते थे। जब उनसे पूछा गया था कि वह कैसा महसूस कर रहे हैं तो उन्होंने बस यही कहा था- कल से बेहतर हूं। फिर एक दिन वह घर पर गिर गए और 12 जनवरी 2005 को उनका निधन हो गया था।












Click it and Unblock the Notifications